साउथ अमेरिकन ब्यूटी क्वीन एंड्रिया डेल वाल का एक वीडियो धड़ल्ले से वायरल हो रहा है. इसमें एंड्रिया ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपने सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट पर शारीरिक हमला करने का आरोप लगाया है. यह जानकारी न्यूयॉर्क पोस्ट ने वेनेजुएला और मैक्सिकन मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला से दी है. 29 साल की एंड्रिया डेल वाल ने मिस वेनेजुएला 2025 का खिताब की विजेता रह चुकी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनके चेहरे पर खून बहता दिख रहा है.
एंड्रिया डेल वाल के साथ हुई यह कथित घटना मंगलवार, 19 मई की है. वायरल वीडियो में एंड्रिया काफी परेशान नजर आ रही हैं. उनके चेहरे से खून बह रहा था. उन्होंने अपने स्टाइलिस्ट को लेकर स्पेनिश में कहा, 'देखो, यह वो है जो जियोवानी लगुना ने किया. बधाई हो जियोवानी, यही तो मैं चाहती थी कि तुम दिखा दो कि तुम कौन हो.' वीडियो में होटल का कमरा पूरी तरह अस्त-व्यस्त दिख रहा है. फर्नीचर और सामान चारों तरफ बिखरा हुआ था. 33 साल के स्टाइलिस्ट जियोवानी लगुना को वीडियो में कमरे के एक कोने में कुर्सी पर बैठे देखा जा सकता है.
न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, होटल के अन्य मेहमानों ने चीख-पुकार और मारपीट की आवाजें सुनीं, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया. कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि लगुना ने एंड्रिया के चेहरे पर कैंची से हमला किया था. चश्मदीदों के मुताबिक, ये अटैक अचानक हुआ और बहुत ही शॉकिंग था. बाद में स्पेनिश पत्रकार जोर्डी मार्टिन ने एक फुटेज शेयर की, जिसमें जियोवानी लगुना को पुलिस अधिकारी होटल से ले जाते हुए दिख रहे है.
जियोवानी लगुना कौन हैं?
लगुना, लैटिन अमेरिकी सेलिब्रिटी और ब्यूटी पेजेंट सर्कल में काफी जाने माने स्टाइलिस्ट हैं. 2023 से वे मिस यूनिवर्स कोलंबिया के क्रिएटिव डायरेक्टर भी हैं. उनका मिस यूनिवर्स 2025 की मैक्सिकन विजेता फातिमा बोश से भी प्रोफेशनल कनेक्शन है. हालांकि इस घटना में उनका कोई जुड़ाव नहीं बताया गया है.
एंड्रिया डेल वाल के साथ हुई घटना के बाद लगुना को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में ले लिया गया. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि उन पर कौन से आरोप लगाए गए हैं. एंड्रिया डेल वाल की चोटों का इलाज कराया गया और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है. दोनों के बीच झगड़े का कारण अभी तक सामने नहीं आया है.