scorecardresearch
 

माइकल ज़िंदा है! कंट्रोवर्सी, क्रिटिक्स, नेगेटिव रेटिंग्स के बावजूद MJ की बायोपिक बनी ब्लॉकबस्टर

माइकल जैक्सन की बायोपिक माइकल ने 217 मिलियन डॉलर की ओपनिंग के साथ इतिहास रच दिया है. क्रिटिक्स की नेगेटिव रेटिंग के बावजूद जनता का जबरदस्त सपोर्ट फिल्म को ब्लॉकबस्टर बना रहा है. विवादों के बीच भी जनता में माइकल का जादू कायम है और बॉक्स ऑफिस पर इसका असर साफ नजर आ रहा है.

Advertisement
X
माइकल ने नेगेटिव रिव्यूज के बावजूद की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग! (Photo: Instagram/@michaelmovie)
माइकल ने नेगेटिव रिव्यूज के बावजूद की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग! (Photo: Instagram/@michaelmovie)

माइकल जैक्सन ने 2009 में जब इस दुनिया से विदा ली, तो उनकी उम्र केवल पचास साल थी. इन पचास सालों में, 40 सालों से उनकी आवाज में कोई ना कोई गाना दुनिया के म्यूजिक लवर्स के कानों तक पहुंचता रहा. जिंदगी के सेकंड हाफ में माइकल के फ़ेम का ये आलम था कि जिन्हें उनके गानों का एक शब्द भी नहीं समझ में आता था, वो भी उनके डांस स्टेप्स की परफेक्ट नकल करने लगे थे. माइकल जैक्सन का इनिशियल MJ, अपने आप एक पॉप कल्चर का एक सिंबल बन चुका था. डांस के मैदान में उतरे हर खिलाड़ी का एक ही द्रोणाचार्य था— MJ.

ऐसे व्यक्ति की कहानी स्क्रीन पर देखने के लिए जनता की एक्साइटमेंट भला क्यों नहीं होगी! इस एक्साइटमेंट ने ये कमाल किया है कि माइकल, सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन करने वाली बायोपिक बन गई है.

माइकल ने फिर किया धमाका
अपने शोज, स्टारडम, गानों और डांस से दुनिया भर में धमाका कर चुके माइकल, अब अपनी कहानी से ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर रहे हैं. उनकी बायोपिक माइकल गुरुवार को पेड प्रीव्यूज के साथ, शुक्रवार को दुनिया भर के थिएटर्स में पहुंची थी. अब कॉमस्कोर का डेटा बताता है कि माइकल ने ओपनिंग वीकेंड में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 217 मिलियन डॉलर्स का ग्रॉस कलेक्शन किया है. सिर्फ बीते वीकेंड ही नहीं, अभी तक 2026 में माइकल दुनिया की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बनकर आई है.

Advertisement

फिल्मों के इतिहास में माइकल किसी भी व्यक्ति पर बनी, सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली बायोपिक है. इसने 180 मिलियन डॉलर का ओपनिंग वीकेंड लेकर आई ओपेनहाइमर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जो दुनिया को पहला न्यूक्लियर बम देने वाले वैज्ञानिक जे रॉबर्ट ओपेनहाइमर की बायोपिक थी. माइकल से पहले, म्यूजिक पर्सनालिटीज पर बनी बायोपिक फिल्मों में सबसे बड़ी ओपनिंग, फ्रेडी मर्करी की लाइफ पर बनी बोहेमियन रेप्सोडी (2018) को मिली थी.

माइकल का रिपोर्टेड बजट ही करीब 200 मिलियन डॉलर था, जो इस फिल्म ने सिर्फ पहले वीकेंड में रिकवर कर लिया है. इसलिए ये पहले वीकेंड में ही ब्लॉकबस्टर कही जा रही है. माइकल का धमाका इसलिए बड़ा है क्योंकि ट्रेड को इस फिल्म से ऐसे धुआंधार कलेक्शन की उम्मीद नहीं थी. इसकी वजह है रिलीज होने से पहले ही माइकल को लेकर विवाद भी शुरू हो गए थे.

माइकल पर क्यों छिड़ा विवाद?
अपने शानदार करियर में माइकल जैक्सन से कुछ गंभीर विवाद भी जुड़े थे. उनपर बच्चों के सेक्शुअल अब्यूज के आरोप लगे थे, जिसमें से 90 के दशक का एक मामला कोर्ट के बाहर आपसी सहमति से सेटल हुआ था. और 2005 में ऐसे ही एक अन्य मामले में कोर्ट ने माइकल को निर्दोष पाया था. ऐसे ही कुछ और मामले भी सामने आए थे और उनमें भी कोर्ट ने माइकल को दोषी नहीं पाया था.

Advertisement

ऐसे में माइकल की रिलीज से पहले ही कई क्रिटिक्स और पॉप कल्चर से जुड़े सोशल मीडिया हैन्डल्स ने ये सवाल उठाना शुरू कर दिया था कि फिल्म उनकी जिंदगी के ये पहलू दिखाएगी या नहीं. मगर माइकल में इन आरोपों और मामलों का कोई जिक्र न पाकर, कई क्रिटिक्स और दर्शकों ने फिल्म की आलोचना शुरू कर दी.

24 अप्रैल को रिलीज से पहले माइकल कई फिल्म फेस्टिवल्स और स्क्रीनिंग्स में दिखाई जा चुकी थी. रिलीज से पहले एम्बार्गो हटने के बाद जब माइकल के रिव्यूज सामने आए, तो अधिकतर क्रिटिक्स ने फिल्म के बारे में काफी नेगेटिव बातें लिखी थीं. ज्यादातर क्रिटिक्स की फिल्म से यही नाराजगी थी कि इसमें माइकल की लाइफ से जुड़े विवाद नहीं दिखाए गए. जबकि फिल्म में 1966 से 1988 तक, माइकल की जिंदगी के केवल 20 सालों की कहानी है. और इस दौरान उनका नाम इन गंभीर विवादों में आया भी नहीं था, जिनका जिक्र न होने से क्रिटिक्स निराश दिखे.

लेकिन फिर इंडिपेंडेंट रिव्यूअर्स और पहले माइकल देख चुके कई लोगों ने सामने आकर क्रिटिक्स की खूब आलोचना शुरू कर दी. इसी का असर था कि इंटरनेशनल फिल्म रेटिंग वेबसाईट रोटेन टोमेटोज पर आज भी माइकल की रेटिंग केवल 38% है. जबकि यहीं पर माइकल के लिए ऑडियंस रेटिंग 97% है.

Advertisement

जनता में जिंदा है माइकल का जादू
माइकल शायद वो सबसे बड़ी फिल्म है जिसमें क्रिटिक्स और जनता की रेटिंग में इतना बड़ा अंतर नजर आया है. फिल्म देखने के बाद जनता भी क्रिटिक्स की खिंचाई करती नजर आ रही है कि फिल्म की टाइमलाइन में, वो घटनाएं कैसे दिखाई सकती हैं, जो तबतक घटी ही नहीं थीं! माइकल के अंत में मेकर्स ने सीक्वल का हिंट भी दिया है, जिससे उम्मीद की जा रही है कि ये माइकल की जिंदगी के विवादों को छूती नजर आएगी.

लेकिन उससे पहले जनता ने तय कर लिया है कि वो उस आइकॉन को स्क्रीन पर देखना चाहती है जिसे पॉप का किंग कहा गया. जो स्टेज पर सांस लेता था तो करोड़ों दिलों की धड़कनें बढ़ जाती थीं. उसकी आवाज लड़कियों को बेहोश करने के लिए काफी थी और उसका एक डांस स्टेप लड़कों को क्रेजी कर देता था.

दर्शकों को माइकल में जाफ़र जैक्सन का काम बहुत पसंद आ रहा है. माइकल के रियल भतीजे जाफ़र को स्क्रीन पर देखकर ये कह पाना मुश्किल है कि वो माइकल जैक्सन नहीं, कोई और है. माइकल के इमोशन और उनके कुछ सबसे आइकॉनिक मोमेंट्स का रीक्रिएशन फैन्स को ऐसा फील करवा रहा है जैसे वो कॉन्सर्ट में हैं. अब देखना है कि माइकल आने वाले दिनों में और क्या धमाके करती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement