फिल्म स्टार्स जिम जा रहे हों, एयरपोर्ट पर स्पॉट हों या फिर किसी लेट-नाइट पार्टी में एंजॉय कर रहे हों पैपराजी (फोटोग्राफर्स) की नजरें हर वक्त उन पर टिकी रहती हैं. अक्सर सोशल मीडिया पर इन फोटोग्राफर्स को इस बात के लिए ट्रोल किया जाता है कि वे एक्ट्रेसेस के 'बैक पोज' या Oops Moment को जबरदस्ती कैमरे में कैद करते हैं. आम जनता को लगता है कि ये फोटोग्राफर्स सितारों की प्राइवेसी में दखल दे रहे हैं, लेकिन अब इस पूरे मामले पर एक फेमस सेलिब्रिटी फोटोग्राफर ने ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया है, जिसने बॉलीवुड के इस 'स्पॉटिंग गेम' का पूरा सच सामने लाकर रख दिया है.
दरअसल, मशहूर फोटोग्राफर शैलेश पांडे हाल ही में गीतू परमार के पॉडकास्ट 'सच का आईना' में शामिल हुए थे. जब उनसे यह तीखा सवाल पूछा गया कि पैपराजी एक्ट्रेसेस के बैक पोज और Oops मोमेंट्स को क्यों कैप्चर करते हैं, तो उन्होंने बेहद बेबाकी से जवाब दिया.
शैलेश ने कहा कि इसमें फोटोग्राफर्स की कोई गलती नहीं होती, बल्कि खुद सेलेब्स ऐसा दिखाते हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, 'हम कोई भगवान नहीं हैं जो हमें अपने आप सपना आ जाएगा कि कौन सा स्टार कितने बजे किस एयरपोर्ट या रेस्टोरेंट से बाहर निकलने वाला है. हमें बाकायदा बकायदा मैसेज (PR टीम के जरिए) आता है कि कौन सा सेलिब्रिटी कहां और कब पहुंचने वाला है, और हम उसी हिसाब से वहां कवरेज के लिए जाते हैं.'
आलिया भट्ट का उदाहरण और प्राइवेसी का सच
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए शैलेश पांडे ने इस बात पर जोर दिया कि अगर किसी स्टार को सच में पैपराजी कल्चर पसंद नहीं है, तो वो इसे आसानी से रोक सकता है. उन्होंने इसके लिए बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट का उदाहरण दिया. शैलेश ने बताया कि आलिया भट्ट ने सभी पैपराजी से साफ तौर पर कह रखा है कि उन्हें हर जगह कैप्चर न किया जाए, और सभी पैप्स उनकी इस बात का पूरा सम्मान करते हैं. फोटोग्राफर का कहना था कि अगर आपको मीडिया का पीछे आना पसंद नहीं है, तो आप एक ऑफिशियल स्टेटमेंट या ट्वीट जारी कर दीजिए, फिर कोई भी पागल नहीं है जो जबरदस्ती आपकी तस्वीरें खींचने वहां जाएगा. जो सेलेब्स खुद लोकेशन भेजते हैं, उन्हें कम से कम इस सच को स्वीकार करना चाहिए.
जया बच्चन के गुस्से पर पैपराजी का पलटवार
पॉडकास्ट के दौरान उस शख्स का जिक्र भी आया जो अक्सर पैपराजी पर भड़कने के लिए जाना जाता है- यानी जया बच्चन. जया बच्चन कई मौकों पर मीडिया और फोटोग्राफर्स पर खुलेआम चिल्ला चुकी हैं. इस पर अपना पक्ष रखते हुए शैलेश ने कहा कि जया बच्चन जी की गलती यह है कि उन्होंने सभी पैप्स को इसमें घसीट लिया. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'कम से कम मैं तो कभी हाफ पैंट पहनकर काम पर नहीं जाता हूं.'
क्या था जया बच्चन का वो पुराना विवादित बयान?
आपको याद दिला दें कि कुछ समय पहले जया बच्चन ने पैपराजी के पहनावे और उनके बैकग्राउंड पर गंभीर सवाल उठाए थे. उन्होंने बेहद नाराजगी जताते हुए कहा था, 'ये जो बाहर गंदे, टाइट पैंट पहनकर, हाथ में मोबाइल लेकर घूमते हैं- इन्हें लगता है कि सिर्फ मोबाइल होने से ये किसी की भी फोटो ले सकते हैं और कुछ भी बोल सकते हैं. ये लोग कहां से आते हैं, इनकी शिक्षा और बैकग्राउंड क्या है? क्या ये लोग हमें री-प्रेजेंट करेंगे? सिर्फ इसलिए कि ये यूट्यूब या किसी सोशल प्लेटफॉर्म पर वीडियो डाल सकते हैं, इन्हें कुछ भी करने की आजादी मिल जाती है?' शैलेश पांडे के इस नए खुलासे ने अब जया बच्चन के उसी पुराने बयान और बॉलीवुड के इस 'दिखावे' के बीच की बहस को एक बार फिर हवा दे दी है.