अक्षय कुमार, कटरीना कैफ स्टारर वेलकम फिल्म एक कल्ट क्लासिक कॉमेडी फिल्म मानी जाती है. लेकिन जितना इस फिल्म को देखकर हम और आप हंसे हैं उतना शूटिंग करते हुए स्टार्स को हंसी नहीं आई. इसका खुलासा फिल्म की एक्ट्रेस सुप्रिया कर्णिक ने किया. एक्ट्रेस ने फिल्म में परेश रावल की पत्नी पायल घुंघरू का किरदार निभाया था. उन्होंने फिल्म में अक्षय कुमार को चांटा मारने वाला सीन भी याद किया.
जब अक्षय को मारा चांटा
सुप्रिया को अकसर आपने मीम फेस्ट का हिस्सा बनते देखा होगा. फिल्म में उनका एक डायलॉग है- राजीव, ये जिंदा हैं... खूब फेमस हुआ था. इस पूरी सीक्वेंस को याद करते हुए कहा कि- तब हमें बिल्कुल हंसी नहीं आई थी. हम बस भाग रहे थे. सब जल्दी जल्दी हो रहा था.
इंडिया नाउ एंड हाउ से सुप्रिया कर्णिक बोलीं- वो सीन सबसे ज्यादा वायरल हुआ था, कोविड में उसपर सबसे ज्यादा मीम्स बने थे. लेकिन उसे शूट करना मुश्किल था. वहां कॉमिक टाइमिंग बहुत मायने रखती थी. वो सीन जितना मजेदार लगा रहा है, शूट करने में नहीं था. क्योंकि फ्रैक्शन ऑफ सेकंड भी अगर मैं लेट हो जाऊं तो सबकी टाइमिंग मिस होती थी. तब वो सीन करना इतना कॉमिक नहीं था.
'मैं अक्षय के पास आती हूं, उन्हें चांटा मारती हूं, और पूछती हूं- मेरे पति के साथ ऐसा कैसे कर सकते हो. फिर मैं चूड़ियां तोड़ते हुए रोती हूं. फिर दोनों लड़कियां आती हैं और मुझे लेकर जाती हैं.'
तपती धूप में बोनट पर लटकीं
इसके अलावा सुप्रिया ने सबसे पहले सीन के भी बारे में बात की और बताया कि जब कार के बोनट पर वो बंधी होती हैं और वो हवा में उछलती हैं, कार के साथ. वो सीन देखने में बहुत आसान लगा, लेकिन था नहीं. वो सीन दुबई में शूट हुआ था, बेहद गर्मी में.
वो बोलीं- जब भी मुझे कार की बोनट पर बांधा जाता था, तो 12 बजे के आसपास का टाइम होता था. तब कार बहुत गर्म हो जाती थी. वो गर्म बोनट मेरे पेट पर लगता था. हालांकि अब्बास जी ध्यान रखते थे, पानी लगाकर ठंडा करते थे, लेकिन था तो वो पतरा ही, पानी सूखकर वो फिर गर्म हो जाता और पेट पर लगता था. ये सीक्वेंस हमारा 8 दिन में शूट हुआ था.
'लेकिन अक्षय भी बहुत ध्यान रखते थे, वो मुझे देखते थे कि मैं कैसे पेट को अलग करती थी बोनट से लेटे लेटे. तो वो कहते थे यूनिट से इनको तकिया लाकर दो. ताकि आराम मिले.'
2007 में आई वेलकम फिल्म में अक्षय-कटरीना के साथ परेश रावल, फिरोज खान, मल्लिका शेरावत, अनिल कपूर, नाना पाटेकर भी थे. फल्म जबरदस्त हिट हुई थी.