रैपर बादशाह लगातार विवादों में बने हुए हैं. इसकी वजह है उनका नया गाना 'टटीरी'. इस गाने का वीडियो कुछ दिन पहले ही रिलीज किया गया था. गाने में स्कूल की बच्चियों को देखा गया. इसी के साथ बादशाह के भद्दे लीरिक्स ने इसे ढेरों व्यूज दिलाए. गाने पर महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के सेक्शुअलाइजेशन का आरोप लगा और फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया. अब इस पूरे मामले पर रैपर बादशाह माफी मांग चुके हैं, लेकिन आग ठंडी होने का नाम नहीं ले रही.
बॉक्सर ने किया बादशाह को सपोर्ट
इस बीच भारत के जाने माने बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने बादशाह का सपोर्ट किया है. उन्होंने ट्वीट के जरिए सभी से आग्रह किया कि रैपर को माफ कर दिया जाए. विजेंद्र सिंह ने लिखा, 'हरियाणा वालों के दिल पर रोज कोई ना कोई सिंगर ठेस मार देता है. कभी कोई माफी मांगता है, तो किसी का गाना डिलीट करवाया जाता है. गलत गाने हो जाते हैं कलाकार से उसका मतलब बदल जाता है लेकिन आपको भी बड़ा दिल दिखाना चाहिए माफ करके. यूं ही रहा तो हरियाणा कला और संस्कृति में पिछड़ जाएगा, और कोई भी मनोरंजन का कुछ भी बनाने से पहले डरेगा. तो थोड़ा-सा कलाकार ध्यान रखें और थोड़ा-सा आप भी ध्यान दें. बढ़िया काम की तारीफ भी जरूरी है और गलत काम पर रोक भी.'
उन्होंने आगे लिखा, 'बादशाह से गलती हुई उसने माफी भी मांग ली, तो बात को खत्म करके आगे बढ़ना चाहिए. और बादशाह भी अपना ही है अपने हरियाणा का नाम और पहचान आगे बढ़ा रहा है बाकी जय बाबा की भाई, अपनी-अपनी समझ है.'
बादशाह ने मांगी थी माफी
रैपर बादशाह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो डालकर 'टटीरी' गाने को बेहूदा बताते हुए माफी मांगी थी. उन्होंने कहा कि मेरा नया गाना रिलीज हुआ है और मैं देख रहा हूं कि उसके एक हिस्से में मेरे लिरिक्स और विजुअल रिप्रेजेंटेशन की वजह से, जो मैसेज गया है उससे कई लोगों को खासकर मेरे हरियाणा के लोगों को और उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है.
बादशाह ने कहा, 'सबसे पहले मैं ये कहना चाहूंगा कि मैं खुद हरियाणा से हूं. जो लोग मुझे जानते हैं, उन्हें पता है कि मेरी बोली, खान-पान, रहन-सहन, मेरी पहचान सबकुछ हरियाणा का है. मैं एक प्राउड हरियाणवी हूं. मेरा कभी भी कोई ऐसा इरादा नहीं था कि मैं हरियाणा के किसी बच्चे या किसी औरत/महिला के बारे में ऐसी बेहूदी बात करूं. मैं खुद हिप-हॉप जॉनर से हूं, जहां लिरिक्स अक्सर कॉम्पिटीशन को नीचा दिखाते हैं या ये अपने प्रतिद्वंदी के लिए बोले जाते हैं. वो शब्द कभी किसी भी औरत-बच्चे के लिए नहीं थे. ना मैं ऐसा कभी करूंगा. मैं तहे दिल से आप सभी से माफी मांगता हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि आप मुझे हरियाणा का बेटा समझकर, अपना बेटा समझकर मुझे माफ करेंगे.'
मुश्किलों में बादशाह
हरियाणा पुलिस ने रैपर बादशाह के गाने 'टटीरी' को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था. साथ ही उन्हें देश छोड़कर भागने से रोकने के लिए लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी. पुलिस ने बादशाह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की थी और उन्हें जल्द से जल्द पेश होने का कड़ा फरमान सुनाया गया था. इसके अलावा हरियाणा के महिला आयोग ने बादशाह को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था और उनके खिलाफ कई FIR भी दर्ज की गई थीं.