scorecardresearch
 

रजनीकांत के चेहरे पर सिगरेट का धुआं छोड़ कांपी विद्या बालन, देने पड़े टेक पर टेक, बोले जेलर डायरेक्टर

Jailer 2: विद्या बालन शूटिंग के पहले दिन रजनीकांत के सामने सिगरेट पीने वाले सीन को लेकर घबरा गई थीं. डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार ने बताया कैसे तीसरे टेक में यह सीन ओके हुआ.

Advertisement
X
रजनीकांत के सामने विद्या बालन की हालत खराब! (Photo credit: A screengrab from Jailer 2 trailer/ Sun Pictures)
रजनीकांत के सामने विद्या बालन की हालत खराब! (Photo credit: A screengrab from Jailer 2 trailer/ Sun Pictures)

साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत के सामने बड़े-बड़े सितारों की भी बोलती बंद हो जाती है. अब सोचिए, अगर किसी एक्ट्रेस को अपनी पहली ही शूटिंग में उनके चेहरे पर सिगरेट का धुआं उड़ाना पड़े, तो उसका क्या हाल होगा? कुछ ऐसा ही हुआ बॉलीवुड एक्ट्रेस विद्या बालन के साथ. फिल्म ‘जेलर 2’ में रजनीकांत के साथ स्क्रीन शेयर करने जा रहीं विद्या बालन पहले दिन ही एक ऐसे सीन को लेकर घबरा गईं कि उनके हाथ तक कांपने लगे. इस दिलचस्प किस्से का खुलासा खुद फिल्म के डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है.

रजनीकांत के सामने विद्या बालन की हालत खराब!

विद्या बालन फिल्म ‘जेलर 2’ में कांथा के किरदार में नजर आएंगी. फिल्म के प्रमोशनल इवेंट के दौरान डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार ने बताया कि विद्या की एंट्री से जुड़ा टीजर वाला सीन उनकी शूटिंग के पहले ही दिन फिल्माया गया था. इस सीन में विद्या को एक मजबूत और बेखौफ महिला के रूप में दिखना था, जो रजनीकांत के किरदार टाइगर मुथुवेल पांडियन के सामने भी अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटती.

लेकिन पर्दे पर इतना दमदार दिखने वाले इस किरदार को निभाना विद्या के लिए आसान नहीं था. खासकर तब, जब उन्हें रजनीकांत के सामने सिगरेट पीकर उनके चेहरे की तरफ धुआं उड़ाना था. नेल्सन के मुताबिक, इस सीन को लेकर विद्या पहले से ही नर्वस थीं. जैसे ही उन्हें सिगरेट पीने और रजनीकांत की तरफ धुआं उड़ाने के लिए कहा गया, उनकी घबराहट और बढ़ गई.

Advertisement

सिगरेट पकड़ते ही कांपने लगा विद्या का हाथ

नेल्सन ने इस सीन के पीछे की कहानी बताते हुए कहा, “विद्या मैम के ट्रेलर में जो सीन दिखाया गया है, उसे हमें शूटिंग के पहले दिन ही फिल्माना था. उनका किरदार काफी दमदार है, जो रजनीकांत सर के सामने खड़ा होता है. लेकिन उन्होंने कहा कि वह इतने मजबूत किरदार को निभाने से डर रही हैं. जब मैंने उनसे सिगरेट पीकर रजनीकांत सर के चेहरे पर धुआं उड़ाने के लिए कहा, तो उनकी टेंशन दोगुनी हो गई.”

डायरेक्टर ने आगे बताया कि जब इस सीन की शूटिंग शुरू हुई, तो मॉनिटर पर विद्या की हालत देखकर उन्हें भी लगा कि शायद यह सीन ठीक से नहीं हो पाएगा. विद्या के हाथ में सिगरेट थी, लेकिन घबराहट के कारण उनका हाथ कांप रहा था. नेल्सन को उनका सिगरेट पकड़ने का अंदाज ऐसा लगा, जैसे वह सिगरेट नहीं, बल्कि लिपस्टिक लगा रही हों!

तीसरे टेक में जाकर ओके हुआ शॉट

नेल्सन ने बताया कि जब उन्होंने मॉनिटर पर विद्या को देखा, तो उन्हें लगा कि सीन में वह बेखौफ अंदाज नजर नहीं आ रहा, जिसकी उन्हें जरूरत थी. विद्या की आंखों में भी घबराहट साफ दिखाई दे रही थी. हालांकि, कुछ कोशिशों के बाद आखिरकार यह सीन सही तरीके से शूट हो गया.

Advertisement

डायरेक्टर के मुताबिक, करीब तीसरे टेक में जाकर शॉट ठीक से मिल पाया. दिलचस्प बात यह है कि आज भी जब आप इस सीन को देखेंगे, तो विद्या की आंखों में हल्की-सी घबराहट नजर आएगी. यानी पर्दे पर रजनीकांत को टक्कर देने वाली विद्या के लिए यह सीन शूट करना किसी चुनौती से कम नहीं था.

कब रिलीज होगी ‘जेलर 2’?

नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ में रजनीकांत एक बार फिर रिटायर्ड जेलर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में लौट रहे हैं. फिल्म में रम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. वहीं, एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडू, अन्ना राजन और जतिन सरना जैसे सितारे इस बार फिल्म का हिस्सा बने हैं.

फिल्म में कैमियो को लेकर भी काफी चर्चा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहनलाल, शिवा राजकुमार, जैकी श्रॉफ, विजय सेतुपति और ऋतिक रोशन भी इसमें नजर आ सकते हैं. ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. अब देखना दिलचस्प होगा कि रजनीकांत और विद्या बालन की यह ऑनस्क्रीन भिड़ंत दर्शकों को कितना पसंद आती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement