scorecardresearch
 

'बंटवारा 1947' को मिला धर्मेंद्र का आखिरी आशीर्वाद! निधन से पहले देखी थी फिल्म, याद कर रो पड़े सनी देओल

'बंटवारा 1947' के ट्रेलर लॉन्च में राजकुमार संतोषी ने धर्मेंद्र को याद किया. उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र ने फिल्म देखकर आशीर्वाद दिया था. यह सुनते ही सनी देओल भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े.

Advertisement
X
धर्मेंद्र को याद कर रो पड़े सनी! (Photo: Screengrab)
धर्मेंद्र को याद कर रो पड़े सनी! (Photo: Screengrab)

सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया. लेकिन ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म से ज्यादा उस इमोशनल पल की रही, जब डायरेक्टर राजकुमार संतोषी ने दिवंगत दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र को याद किया. उनकी बात सुनते ही सनी देओल अपनी भावनाएं नहीं रोक पाए और मंच पर ही उनकी आंखें नम हो गईं.

'धर्मेंद्र ने आखिरी बार देखी थी 'बंटवारा 1947''

ट्रेलर लॉन्च के दौरान राजकुमार संतोषी ने बताया कि धर्मेंद्र का इस फिल्म से खास जुड़ाव था. उन्होंने कहा कि जब धर्मेंद्र ने फिल्म की कहानी सुनी थी तो वह बेहद भावुक हो गए थे.

संतोषी ने कहा- धर्मेंद्र जी का इस फिल्म पर बहुत आशीर्वाद है. उन्होंने कहानी सुनकर आंखों में आंसू भर लिए थे. उन्होंने कहा था कि ये फिल्म बहुत चलेगी. मेरे हिसाब से उन्होंने आखिरी जो फिल्म देखी, वो भी 'बंटवारा 1947' ही थी. आज मैं उन्हें दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं.

राजकुमार की ये बातें सुनते ही सनी देओल की आंखों से आंसू छलक पड़े. उन्होंने मंच पर ही अपनी आंखें पोंछीं और कुछ पल तक खुद को संभालते नजर आए.

देओल परिवार पर शबाना का मजेदार कमेंट

Advertisement

इमोशनल माहौल के बीच शबाना ने हल्का-फुल्का मजाक भी किया. उन्होंने कहा कि उनकी पिछली थिएटर रिलीज धर्मेंद्र के साथ थी, अब वह सनी देओल और करण देओल के साथ काम कर रही हैं. मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा- अब मैं अभय देओल के साथ भी काम कर सकती हूं. आप लोग बॉबी देओल से भी कहिए कि वो तैयार रहें. उनके इस मजाक पर पूरा हॉल हंस पड़ा.

इवेंट में मौजूद शबाना आजमी ने भी फिल्म की शूटिंग से जुड़ा ऐसा किस्सा भी सुनाया जिसने हर किसी को भावुक कर दिया.उन्होंने बताया कि फिल्म में एक सीन ऐसा था, जिसने उन्हें एक कलाकार नहीं बल्कि एक इंसान के तौर पर अंदर तक झकझोर दिया. शबाना ने कहा- एक सीन में विलेन मुझे घसीटता है और मेरा कुर्ता फाड़ देता है. उस पल मुझे लगा जैसे मेरी सारी इज्जत और गरिमा मुझसे छीन ली गई हो. मैंने खुद को बेहद बेबस और असुरक्षित महसूस किया.

शबाना आजमी ने आगे बताया कि उसी सीन के बाद जब सनी देओल उनके पास आए और उन्होंने उन्हें दुपट्टे से ढका, तो वह पल उनके लिए बेहद खास बन गया. उन्होंने भावुक होकर कहा- उस समय सनी सिर्फ मेरे को-स्टार नहीं थे. वो मेरे बेटे बन गए थे, मेरे रक्षक बन गए थे. मैंने उन्हें गले लगा लिया और बस यही कहा कि भगवान का शुक्र है, आप मुझे बचाने के लिए यहां हैं.

Advertisement

14 अगस्त को रिलीज होगी 'बंटवारा 1947'

राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी 'बंटवारा 1947' साल 1947 के भारत-पाकिस्तान बंटवारे की दर्दनाक कहानी पर आधारित है. फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

फिल्म को आमिर खान प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है. ए.आर. रहमान ने इसका संगीत दिया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं. यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement