scorecardresearch
 

शाहरुख की दिलदारी ने मराठी फिल्म को दिए पंख, करोड़ों कमा कर बना दिया रिकॉर्ड

कम बजट और बिना किसी बड़े बॉलीवुड स्टार के रिलीज हुई मराठी फिल्म देऊल बंद 2 बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने की कगार पर है. फिल्म के डायरेक्टर प्रवीण तरडे ने एक इंटरव्यू में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि अगर सुपरस्टार शाहरुख खान लाखों रुपये का बिल माफ न करते, तो यह फिल्म शायद थिएटर्स तक भी नहीं पहुंच पाती.

Advertisement
X
शाहरुख ने की मदद तो मराठी फिल्म ने बनाया रिकॉर्ड (Photo: IMDB)
शाहरुख ने की मदद तो मराठी फिल्म ने बनाया रिकॉर्ड (Photo: IMDB)

एक लो बजट मराठी फिल्म अपनी इंडस्ट्री में टॉप करने की राह पर है और इसकी कामयाबी में सुपरस्टार शाहरुख खान का बहुत बड़ा रोल सामने आया है. मराठी सिनेमा से निकली फिल्म देऊल बंद 2, मराठी भाषा में सबसे ज्यादा नेट कलेक्शन करने की तरफ बढ़ रही है. इस फिल्म की तगड़ी कामयाबी में सबसे बड़ा सरप्राइज फैक्टर यह है कि इसका बजट केवल 9-10 करोड़ रुपये है.

एक वक्त ऐसा भी आया जब लगा कि बनकर तैयार यह फिल्म शायद थिएटर्स तक नहीं पहुंच पाएगी. आखिरी प्रोसेस के लिए फिल्म का बजट कम पड़ने लगा और तब शाहरुख ने देऊल बंद 2 को वो पंख दिए जो आज इसकी तगड़ी बॉक्स ऑफिस सक्सेस की वजह बने.

देऊल बंद 2 की धमाकेदार कामयाबी

आपको याद होगा, हाल ही में जाने-माने बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख ने, अभिषेक बच्चन और सलमान खान जैसे एक्टर्स के साथ मराठी फिल्म राजा शिवाजी बनाई थी. ओरिजिनल मराठी वर्जन के साथ-साथ हिंदी में भी रिलीज हुई इस फिल्म ने इंडिया में 96 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कलेक्शन किया था. लेकिन सैकनिल्क के अनुसार, इसमें सिर्फ मराठी वर्जन का नेट कलेक्शन करीब 71 करोड़ रुपये था.

राजा शिवाजी मराठी भाषा में तीसरा सबसे बड़ा नेट कलेक्शन करने वाली फिल्म है. 76 करोड़ रुपये के साथ दूसरे नंबर पर बाईपण भारी देवा (2023) है और सैराट (2016) 81 करोड़ रुपये के साथ मराठी में सबसे ज्यादा नेट इंडिया कलेक्शन करने वाली फिल्म है.

Advertisement

21 मई को आई देऊल बंद 2 केवल मराठी में ही रिलीज हुई और अब तक 28 दिनों में 69 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कलेक्शन कर चुकी है. आंकड़ों से ही आप अंदाजा लगा सकते हैं कि यह जल्द ही रितेश की राजा शिवाजी को पीछे छोड़ने वाली है. महीने भर चलने के बाद इसके शोज जरूर कम हुए हैं लेकिन अभी भी इसे अच्छी ऑडियंस मिल रही है. इसलिए देऊल बंद 2 के पास मराठी सिनेमा में सबसे बड़ा नेट कलेक्शन करके सैराट का एक दशक पुराना रिकॉर्ड तोड़ने का पूरा चांस है.

लिमिटेड ऑडियंस को अपील करने वाली एक रीजनल मराठी फिल्म के हिसाब से, 10 करोड़ रुपये से कम बजट में बनी देऊल बंद 2 की कामयाबी बहुत बड़ी बात है. अब फिल्म के डायरेक्टर प्रवीण तरडे ने बताया है कि देऊल बंद 2 की धुआंधार कामयाबी में कैसे सुपरस्टार शाहरुख खान का बहुत बड़ा रोल रहा.

शाहरुख ने माफ किया देऊल बंद 2 का लाखों का बिल

देऊल बंद 2 के डायरेक्टर ने अभिजात मराठी फिल्मी को एक इंटरव्यू में बताया है कि कैसे शाहरुख खान की वजह से उनकी फिल्म थिएटर्स तक पहुंच पाई.

प्रवीण ने बताया कि उनकी टीम शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट से अपनी फिल्म की DCP (डिजिटल सिनेमा पैकेज) तैयार करवाना चाहती थी, जो थिएटर्स में फिल्म की रिलीज के लिए यूज होता है. लेकिन उनके पास बहुत ज्यादा बजट नहीं था और मामला बीच में फंस गया था. प्रवीण ने बताया, 'इसके लिए हमारा बजट 12 लाख था, लेकिन बिल 42 लाख पहुंच गया. अब इतने पैसे हम कहां से लाते? तो हमने रेड चिलीज को रिक्वेस्ट करते हुए बताया कि मराठी सिनेमा के लिए इतना बजट नहीं होता. हम अपनी फिल्म बहुत बड़े स्केल पर दिखाना चाहते हैं... इसलिए हमने आपकी मदद ली.'

Advertisement

आखिरकार यह बात रेड चिलीज के मालिक शाहरुख खान तक पहुंची, तो उन्होंने अपनी टीम से पूरा मामला समझा. उन्होंने शाहरुख को बताया कि यह 'मुलशी पैटर्न' वाली टीम की फिल्म है. सलमान पहले 'मुलशी पैटर्न' का रीमेक बना चुके थे, इसलिए उन्हें उस फिल्म के बारे में पता था.

शाहरुख ने फिर अपनी टीम से देऊल बंद 2 के बारे में पूछा कि 'फिल्म कैसी बनी है?' उन्हें जवाब मिला कि 'फिल्म बहुत अच्छी और इमोशनल बनी है' लेकिन उनके पास DCP के लिए पैसे नहीं हैं. और रूल यह है कि जब तक पूरी पेमेंट नहीं हो जाती, DCP नहीं दी जाती. आगे प्रवीण ने बताया, 'शाहरुख ने बिना सोचे कहा- उन्हें DCP दे दो. रेड चिलीज ने 40-45 पर्सेंट बिल माफ कर दिया. एक मराठी फिल्म के लिए शाहरुख ने जो कदम उठाया उससे बहुत मदद हुई. इसलिए मैं शाहरुख और उनकी टीम की बहुत तारीफ करता हूं. उनकी सोच यह थी कि पैसे छोड़ो, फिल्में बहुत जरूरी हैं... आज की दुनिया में यह बहुत बड़ी बात है.'

शाहरुख के ऐसे कई किस्से हैं जब उन्होंने अपने अलावा दूसरी फिल्मों के लिए बहुत बड़ा दिल दिखाया है. शाहरुख के एक जेस्चर की वजह से देऊल बंद 2 बिना अटके थिएटर्स में पहुंची और आज मराठी इंडस्ट्री में टॉप रिकॉर्ड बनाने की कगार पर है. शाहरुख की फिल्मों की बात करें तो वह इस साल क्रिसमस पर सिद्धार्थ आनंद की किंग में नजर आएंगे. 24 दिसंबर को रिलीज हो रही किंग में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन और अरशद वारसी जैसे कलाकार भी हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement