सुपरस्टार सलमान खान फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' में नजर आने वाले हैं, जिसकी फिलहाल शूटिंग जारी है. डायरेक्टर अपूर्व लाखिया के साथ मिलकर एक्टर अपनी फिल्म के पैच-वर्क का काम निपटा रहे हैं. फिल्म जल्द रिलीज होगी, जिससे जुड़े गाने इस बीच रिलीज किए जा रहे हैं. आज सलमान ने फिल्म का नया गाना रिलीज किया है.
सलमान की 'बैटल ऑफ गलवान' का गाना
फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का नया गया 'मैं हूं' आज 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे के मौके पर सामने आया है. ये एक रोमांटिक गाना है जिसमें सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह नजर आ रही हैं. इसमें दोनों की दमदार केमिस्ट्री देखी जा सकती है. 'मैं हूं' फिल्म का दूसरा गाना है. इससे पहले 'मातृभूमि' गाना गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज हुआ था, जिसमें अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज थी.
'मैं हूं' गाने में भी श्रेया की ही आवाज है, लेकिन इस बार उनके साथ इसे अयान लाल ने गाया है. अयान 'बिग बॉस 19' कंटेस्टेंट कुनिका सदानंद के बेटे हैं, जो अब म्यूजिक इंडस्ट्री में भी अपना नाम बनाने में जुट गए हैं. सलमान की फिल्म में अयान ने इस गाने को खुद गाया, लिखा और कंपोज भी किया है.
यहां सुने 'मैं हूं' गाना:
फैंस को सलमान की फिल्म का ये नाया गाना बेहद पसंद आया है. इसमें वो एक्टर के एक्सप्रेशन्स और मेहनत की भी तारीफ कर रहे हैं. सलमान को 'मातृभूमि' गाने के लिए काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. लेकिन अब लगता है कि इस गाने से सुपरस्टार ने ट्रोल्स की बोलती बंद कर दी है.
कब रिलीज होगी सलमान की फिल्म?
सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' पर फिलहाल सस्पेंस बरकरार है. फिल्म के कुछ हिस्से दोबारा शूट हो रहे हैं और खबर ये भी है कि फिल्म को रिलीज होने से पहले मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस से भी हरी झंडी लेनी पड़ेगी. वहीं कहा जा रहा है कि सलमान भी इस फिल्म को रिलीज करने में कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते. वो इसे अच्छी तरह से बनाकर ऑडियंस के सामने पेश करना चाहते हैं, ताकि एंड प्रोडक्ट दमदार निकले. अभी तक फिल्म की रिलीज डेट 17 अप्रैल बताई जा रही है.