scorecardresearch
 

'टटीरी' पर माफी मांगने के बाद रैपर बादशाह ने बदले बोल, इस दिन आएगा गाना

बादशाह के गाने 'टटीरी' पर बड़ा विवाद हुआ था. हरियाणा में राष्ट्रीय महिला आयोग ने काफी विरोध जताया था. इसके बाद रैपर ने माफी भी मांगी. अब बादशाह अपने विवादित गाने को फिर से रिलीज करने वाले हैं.

Advertisement
X
बादशाह करने जा रहे वापसी (Photo: Instagram @badboyshah)
बादशाह करने जा रहे वापसी (Photo: Instagram @badboyshah)

बॉलीवुड के कई हिट पार्टी सॉन्ग्स रैपर बादशाह ने भी दिए हैं. उनका लगभग हर गाना सुर्खियों में रहता है. बादशाह का पिछला गाना 'टटीरी' भी विवाद में आया था. गाने में लिरिक्स और स्कूल की लड़कियों को दिखाए जाने पर सवाल उठाए गए. राष्ट्रीय महिला आयोग ने बादशाह के खिलाफ एक्शन लिया. हरियाणा के कई हिस्सों में रैपर के खिलाफ केस दर्ज किया गया. 

टटीरी गाने के बढ़ते विवाद को देखकर बादशाह ने अपने गाने को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाया. रैपर ने पब्लिकली माफी भी मांगी. 7 अप्रैल को टटीरी गाने पर सुनवाई हुई, जिसमें बादशाह भी मौजूद थे. वहां भी उन्हें माफी मांगी और महिलाओं का सम्मान करने की बात कही. 

बादशाह लेकर आए 'टटीरी फिर से'

अब सुनवाई से ठीक एक हफ्ते बाद यानी 14 अप्रैल को 'टटीरी फिर से' गाना रिलीज किया जाएगा. इसकी जानकारी खुद बादशाह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर नोट जारी किया जिसमें वो बताते हैं कि सरकारी अधिकारी और महिला आयोग की बातें सुनने-समझने के बाद, रैपर ने अपने टटीरी गाने में बदलाव किए हैं. 

बादशाह ने लिखा, 'मेरे हरियाणा के लोगों और दुनिया भर में जुड़े सभी साथियों, पिछले कुछ हफ्तों में हमने अपने गाने टटीरी को लेकर सरकारी अधिकारियों, महिला आयोग, समाजसेवियों और हमारी संस्कृति की परवाह करने वाले कई लोगों की बातों को सुना है. उसी के आधार पर हमने जरूरी बदलाव किए हैं और जो भी हिस्सा अपमानजनक माना गया, उसे हटा दिया है.'

'मैं इस प्रतिक्रिया और उसके पीछे की भावना का सम्मान करता हूं. एक कलाकार होने के साथ-साथ, अपनी समाज और संस्कृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी उतनी ही अहम है. साथ ही, मेरे लिए संगीत हमेशा अपनी जड़ों, अपनी भाषा, अपने लोगों और अपनी कहानियों को एक बड़े मंच तक ले जाने का जरिया रहा है.'

Advertisement
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by BADSHAH (@badboyshah)

बादशाह ने आगे लिखा, 'टटीरी फिर से उसी सफर का अगला कदम है. आपका साथ, आपकी आवाज और आपका विश्वास ही है जिसने इस गाने को जिंदा रखा है. उम्मीद है इसका नया रूप वही ऊर्जा और वही सम्मान लेकर चलेगा. इस पूरे संवाद का हिस्सा बनने वाले सभी लोगों का धन्यवाद. ऐसी बातचीत हमें और बेहतर बनाती है. टटीरी फिर से, 14.04.26 को सभी प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध होगा. सुनिएगा, शेयर कीजिएगा, और इसे आगे बढ़ाइएगा.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement