रणबीर कपूर वाली रामायण अब सोशल मीडिया के साथ-साथ देशभर में चर्चा का एक बड़ा विषय बन चुकी है. नई दिल्ली की श्री रामलीला महासंघ ने इसकी रिलीज से पहले ही सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं. महासंघ के प्रेजिडेंट अर्जुन कुमार ने दिल्ली में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म को लेकर कुछ मांग रखी है, जिसके साथ-साथ उन्होंने मेकर्स को भी चेतावनी दी.
रामायण फिल्म के लिए उठी मांग
रामायण फिल्म को लेकर श्री रामलीला महासंघ के प्रमुख की मांग है कि फिल्म को थिएटर्स में रिलीज करने से पहले इसे उनके प्रतिनिधि मंडल को दिखाया जाए. उन्होंने इसके लिए फिल्म के मेकर्स नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा को एक लेटर भी लिखा है, जिसमें उनकी पूरी मांग का जिक्र है. वो ऐसा इसलिए करना चाहते हैं ताकि फिल्म की रिलीज के बाद किसी भी हिंदू की भावना को ठेस ना पहुंचे.
महासंघ के प्रेजिडेंट अर्जुन कुमार ने नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा को लिखे लेटर में उन्हें याद दिलाया है कि इससे पहले टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार की मेगा बजट फिल्म आदिपुरुष आई थी, जिसमें प्रभास, सैफ अली खान जैसे स्टार्स थे. उसके भी कई सीन्स पर सनातनी और रामलीला मंचन से जुडे लोगों ने कड़ा विरोध जताया था. इन सीन्स में सोने की लंका को काला दिखाना, महाज्ञानी रावण को मंगोल लुटेरो और उनकी सेना को राक्षसों की सेना जैसे कई सीन्स थे. उस फिल्म का नतीजा ये रहा कि वो बॉक्स आफिस पर फ्लॉप रही.
अर्जुन कुमार ने लेटर में आगे कहा है कि उन्हें मिली अधिकृत जानकारी के अनुसार रणबीर कपूर वाली रामायण फिल्म में ऐसे कई ,सीन हैं जो देश-विदेश में बसे हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं. ऐसे में श्री रामलीला महासंघ इस फिल्म को रिलीज से पहले एक स्पेशल शो में देखकर निश्चित करना चाहता है कि अगर फिल्म में ऐसा कोई विवादास्पद सीन या संवाद है तो उसे रिलीज से पहले हटा दिया जाएं. उन्होंने फिल्म के मेकर्स को चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो दिल्ली सहित अन्य राज्यों के थिएटर्स के बाहर हिंदू संगठनों के साथ श्री रामलीला महासंघ के हजारों की संख्या में विरोध और धरना प्रदर्शन करेंगे.