रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मची हुई है. दावा किया जा रहा है कि सिनेमाकॉन इवेंट में दिखाए गए ट्रेलर का 11 सेकेंड का एक क्लिप इंटरनेट पर लीक हो गया है. इस वायरल वीडियो में रणबीर कपूर भगवान राम के अवतार में नजर आते हैं और सामने खड़े एक विशालकाय दानव पर तीर चलाते दिखाई देते हैं.
हालांकि, इस वायरल क्लिप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसे फेक भी बता रहे हैं. लेकिन इस पर यूजर्स के मजेदार रिएक्शन भी देखने को मिल रहे हैं.
'राम' के सामने दिखा गॉडजिला जैसा दानव!
वीडियो में रणबीर कपूर का दमदार अवतार देखने को मिल रहा है. वह तेज-तर्रार अंदाज में धनुष पर बाण चढ़ाकर सामने खड़े एक विशाल राक्षस पर हमला करते दिख रहे हैं. लेकिन लोगों का ध्यान रणबीर से ज्यादा उस दानव ने खींच लिया, जिसे कई यूजर्स 'गॉडजिला' जैसा बता रहे हैं. बस फिर क्या था, क्लिप वायरल होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स और रिएक्शंस की बाढ़ आ गई.
वायरल क्लिप पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा- रामायण में ऐसा कौन-सा दानव था? दूसरे ने तंज कसते हुए कहा- लोकी का ये गॉडजिला कहां से आ गया? एक और यूजर ने लिखा- मुझे तो 'आदिपुरुष' वाली वाइब आ रही है. साथ ही एक यूजर ने इसे 1200 करोड़ की आदिपुरुष तक कह दिया.
वहीं कुछ लोगों ने साफ कहा कि यह वीडियो असली नहीं है. एक यूजर ने लिखा- फेक है, पोस्ट करने से पहले थोड़ा दिमाग इस्तेमाल करो.
असली है या फेक?
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह 11 सेकेंड का क्लिप तेजी से शेयर किया जा रहा है, लेकिन मेकर्स की तरफ से इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. ऐसे में यह कहना सही नहीं होगा कि यह फिल्म 'रामायण' का असली फुटेज है.
हालांकि, इस वायरल वीडियो ने फिल्म को लेकर लोगों की एक्साइटमेंट जरूर कई गुना बढ़ा दी है. अब फैंस को इंतजार है कि मेकर्स जल्द ही फिल्म की पहली आधिकारिक झलक रिलीज करें, ताकि वायरल क्लिप के पीछे की सच्चाई भी सामने आ सके.