भारतीय सिनेमा के पक्के फैन्स का करीब एक दशक लंबा इंतजार पूरा हुआ— नमित मल्होत्रा की रामायण का टीजर आ चुका है. 2017 में पहली बार अनाउंस हुई इस रामायण के स्केल और प्रेजेंटेशन के जो भी अनुमान लगाए जा रहे थे, वो सब इस टीजर के सामने छोटे हैं. ढाई मिनट का ये टीजर वीडियो सिर्फ एक फिल्म का प्रमोशनल कंटेंट नहीं है. ये इंडियन सिनेमा के ग्लोबल एम्बिशन की शुरुआत है, जो रामायण में राम बने रणबीर कपूर के काबिल कंधों पर टिका है.
अद्भुत स्केल, शानदार प्रेजेंटेशन
पहले ही फ्रेम से रामायण का टीजर आपको बता देता है कि इस फिल्म की टीम ने क्या क्रिएट किया है. आपकी आंखें जो देखती हैं, उससे पहले ए. आर. रहमान और हान्स जिमर का म्यूजिक उस संसार में ले जाता है, जिसकी अब तक हमने सिर्फ कल्पना ही की है. इस म्यूजिक में शोर नहीं है, सुर है.
इंडियन सिनेमा से निकले सबसे शानदार विजुअल्स में रामायण टीजर का एक-एक फ्रेम डिटेल्स से भरा है. और डिटेल्स ऐसी कि हर फ्रेम को पॉज करके निहारने का मन करे. और फिर म्यूजिक रास्ता बनाता है उस किरदार के लिए, जिसकी एक झलक के लिए दर्शकों ने 9 साल इंतजार किया है— राम.
राम बने रणबीर कपूर की चाल देखिए, आंखें और बॉडी लैंग्वेज देखिए. उन्होंने वो ट्रिक अनलॉक कर ली है, जो इस किरदार के लिए सबसे जरूरी मानी जाती है— विनम्रता और शक्ति का संतुलन. रणबीर का ठहराव और पोस्चर, रामायण के राम को ऐसा सूट करेगा, ये सोचने भर के लिए नितेश तिवारी की तारीफ बनती है. नितेश ने रामायण को बड़े पर्दे पर केवल भव्यता नहीं दी, भाव दिया है.
रामायण का टीजर सिर्फ थ्रिल नहीं डिलीवर करता, वो कनेक्शन महसूस करवाता है, जो इस महाकाव्य से लोगों को मिलता है. और फाइनली वो एक्शन सेट पीस आपको सिनेमा में स्केल की नई परिभाषा बताता है. बहुत ध्यान से देखेंगे, तो टीजर में दूर से ही एक झलक सीता की भी है. एक झलक रावण की भी. यहां देखें रामायण का टीजर:
इंटरनेशनल सिनेमा को भारत का तोहफा
भारतीय संस्कृति का आधार बन चुके महाकाव्य रामायण का, इस अद्भुत स्केल के साथ बड़े पर्दे पर आना देश के सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है. इसलिए नहीं कि रामायण पहले बड़े पर्दे पर नहीं आई. ना ही इसलिए कि राम कथा कहीं खो जाने वाली थी और ये फिल्म उसे बचाने आई है.
लेकिन जहां ग्रीक, रोमन, जापानी और दूसरी संस्कृतियों से निकली कहानियां इंटरनेशनल सिनेमा में ग्रैंड स्केल पर खूब सेलिब्रेट हुई हैं, वहीं इन कहानियों को खूब दर्शक देने वाले भारत की ऐसी कोई कहानी अभी तक ग्लोबल ऑडियंस तक नहीं पहुंची. नितेश तिवारी की रामायण इंटरनेशनल सिनेमा में इंडियन प्राइड की तस्वीर बनकर आई है.
रामायण सिर्फ स्केल नहीं, वो स्टोरी दिखाने वाली है, जिसके भाव दर्शकों को भावुक भी करेंगे. रामायण का टीजर देखने के बाद से ही जनता इसका टिकट खरीदने के लिए तैयार हो जाएगी. दीवाली तक का इंतजार बहुत लंबा लगने लगेगा.
लेकिन रामायण के इस सेलिब्रेशन का असली स्वाद तो धीरे-धीरे किरदारों के ऐसे इंट्रोडक्शन प्रोमोज देखने में है. एक-एक गाने में राम कथा को जीने में है. ऐसे शानदार सिनेमा का असली मजा सिर्फ इसे देखने में नहीं, इसका इंतजार करने में है. इसे सेलिब्रेट करने में है.
तो आइए, साथ मिलकर नमित मल्होत्रा की रामायण का इंतजार शुरू किया जाए. इसके एक-एक नए प्रोमो-पोस्टर को सेलिब्रेट किया जाए. आपको ये टीजर कैसा लगा, हमें कमेंट्स में जरूर बताइए.