फिल्म मेकर राम गोपाल वर्मा की साल 2003 में आई फिल् भूत आज भी बॉलीवुड की सबसे यादगार हॉरर फिल्मों में गिनी जाती है. इस फिल्म में अजय देवगन, उर्मिला मातोंडकर जैसे सितारे नजर आए थे. हाल ही में इस फिल्म को रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल 2026 में दोबारा बड़े पर्दे पर दिखाया गया. स्क्रीनिंग के बाद राम गोपाल वर्मा ने फैंस से बातचीत की और फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प किस्से शेयर किए.
पहले हवेली में शूट करने का था प्लान
राम गोपाल वर्मा ने बताया कि जब वह भूत बना रहे थे, तो शुरुआत में फिल्म की कहानी किसी हवेली में सेट करने का प्लान था, क्योंकि उस समय हॉरर फिल्मों में यही सबसे आम लोकेशन होती थी. लेकिन उनके एक असिस्टेंट डायरेक्टर ने सुझाव दिया कि इसे गोवा के समुद्र किनारे सेट किया जाए.
वर्मा ने कहा कि उन्होंने इस बारे में सोचा, लेकिन बाद में उन्हें लगा कि अगर कहानी किसी आम जगह पर होगी तो लोग उससे ज्यादा जुड़ पाएंगे. इसलिए उन्होंने फिल्म को मुंबई के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स के एक अपार्टमेंट में सेट करने का फैसला किया.
उन्होंने कहा- हॉरर तब ज्यादा असर करता है जब थिएटर में बैठा दर्शक सोचने लगे कि ये उसके अपने घर में भी हो सकता है. इसलिए मैंने इसे एक अपार्टमेंट में शूट करने का फैसला किया.
आज भी खाली पड़ा है वो फ्लैट
राम गोपाल वर्मा ने एक और दिलचस्प बात बताई. उन्होंने कहा कि फिल्म की ज्यादातर शूटिंग सिर्फ एक ही अपार्टमेंट में हुई थी और पूरी फिल्म करीब 30 दिनों में शूट हो गई थी.
उन्होंने बताया कि जिस फ्लैट में फिल्म की शूटिंग हुई थी, वह 2002 से आज तक खाली पड़ा है. फिल्म रिलीज होने के बाद वह फ्लैट इतना मशहूर हो गया कि कोई वहां रहने को तैयार ही नहीं हुआ.
आज भी याद की जाती है ‘भूत’
फिल्म भूत बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही थी और आज भी इसे हिंदी सिनेमा की बेहतरीन हॉरर फिल्मों में गिना जाता है. फिल्म की कहानी एक कपल के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें अजय देवगन और उर्मिला मातोंडकर एक ऐसे फ्लैट में रहने आते हैं जो भूतिया होता है. इसके बाद अजीबोगरीब घटनाएं होने लगती हैं और उर्मिला का किरदार धीरे-धीरे एक डरावनी मानसिक हालत में पहुंच जाता है.
उर्मिला मातोंडकर की इस फिल्म में शानदार एक्टिंग की भी खूब तारीफ हुई थी और उन्हें कई अवॉर्ड्स भी मिले थे.