राजपाल यादव पूरे फरवरी खबरों में बने रहे. पिछले महीने 2012 के चेक बाउंस केस में उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था. बाद में उन्हें 18 मार्च तक अंतरिम जमानत मिल गई, ताकि वो परिवार की शादी में शामिल हो सकें. शनिवार को उन्होंने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने ऊपर लगे धोखाधड़ी के आरोपों पर सफाई दी. साथ ही इंडस्ट्री के सपोर्ट के लिए शुक्रिया भी कहा. लेकिन इसी दौरान उन्होंने प्रियदर्शन के एक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया भी दी.
प्रियदर्शन ने क्या कहा था?
प्रियदर्शन ने कहा था- मैं राजपाल को 20 साल से जानता हूं. मैंने उन्हें पहली बार ‘जंगल’ (2000) में देखा था. उनकी एक्टिंग से हैरान रह गया था. मेरी पहली फिल्म उनके साथ ‘मालामाल वीकली’ (2006) थी. उसके बाद वो मेरी ज्यादातर फिल्मों में रहे हैं. मैंने अपनी अगली फिल्म के प्रोड्यूसर्स से कहा कि उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें ज्यादा पैसे दिए जाएं. हम उन्हें बचाना चाहते हैं. प्रोड्यूसर्स मान गए हैं. मेरी फिल्म में वो विलेन का रोल कर रहे हैं. मुझे उनकी परेशानी पता थी, इसलिए मैं उन्हें हर फिल्म में साइन करता रहा. मैंने उन्हें ऐड फिल्मों में भी आगे बढ़ाया. बेचारा कम पढ़ा-लिखा है, इसलिए गलती कर बैठा. लेकिन राजपाल बहुत अच्छे इंसान हैं.
राजपाल ने जताई नाराजगी
अब स्क्रीन से बातचीत राजपाल यादव ने इस पर रिएक्शन देते हुए कहा- ये बिल्कुल गलत है. प्रियानजी मुझे जानते ही नहीं हैं. मैं पढ़ा-लिखा आदमी हूं. 11 साल की उम्र से 55 साल तक लगातार काम कर रहा हूं. बड़े-बड़े लोग भी जिंदगी में कभी मुसीबत में फंस जाते हैं, लेकिन उसका उनकी पढ़ाई से कोई लेना-देना नहीं होता. अगर मैं कम पढ़ा-लिखा होता, तो 25-30 साल इंडस्ट्री में टिक नहीं पाता.
उन्होंने आगे कहा- मैं तीन डायरेक्टर्स का बहुत सम्मान करता हूं- राम गोपाल वर्मा, डेविड धवन और प्रियदर्शन. मैंने सिर्फ इन तीनों के साथ 50 से ज्यादा फिल्में की हैं. यहां कम पढ़ाई वाली बात लागू नहीं होती, इसके पीछे कुछ और इरादा है. मैं प्रियानजी को पिता समान मानता हूं. अगर वो कहें तो मैं जिंदगी भर उनके लिए एक्टर के तौर पर परीक्षा देता रहूं. लेकिन प्रियानजी या बॉलीवुड का कोई भी शख्स पूरी कहानी नहीं जानता, इसलिए उनके ऐसे जजमेंट की कोई एहमियत नहीं है.
राजपाल के पास 1200 करोड़ तक का काम
कानूनी विवाद के बावजूद राजपाल के पास काम की कमी नहीं है. अपनी आने वाली फिल्मों के बारे में उन्होंने कहा- इस साल मैं प्रियानजी के साथ ‘भूत बंगला’ कर रहा हूं. फिर ‘वेलकम टू जंगल’ है, जिसमें 27 कलाकार हैं. इसके अलावा ‘हैवान’ है, जिसमें मेरा छोटा लेकिन शानदार रोल है. दो वेब सीरीज और दो और फिल्में भी हैं, जिनके बारे में अभी बात नहीं कर सकता.
सोनू सूद के बयान पर क्या बोले?
जब उनसे Sonu Sood के उस बयान के बारे में पूछा गया, जिसमें उन्होंने राजपाल को काम देने की बात कही थी, तो राजपाल ने कहा- कृपया ये गलतफहमी दूर कर लें कि मुझे काम मांगना पड़ता है. और काम मांगने में कोई शर्म भी नहीं है. मैं अपने काम से जीता हूं. सिनेमा मेरा जुनून है. मैं ऐसा काम करता हूं कि मुझे चार गुना ज्यादा काम मिलता है. छुट्टियों में भी काम करता हूं. काम मुझे ढूंढ़ता नहीं है, पिछले 11 साल से काम मेरे साथ ही रह रहा है.