बाहुबली और RRR जैसी ब्लॉकबस्टर इंडियन फिल्मों के डायरेक्टर एसएस राजामौली इन दिनों अपनी अगली फिल्म वाराणसी की शूटिंग से छोटा सा ब्रेक लेकर यूरोप घूमते नजर आ रहे हैं. 27 जून को फ्रांस में आयोजित 'एनेसी इंटरनेशनल एनिमेशन फिल्म फेस्टिवल' में उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म RRR की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई.
इस स्क्रीनिंग के बाद हुए एक 'मास्टरक्लास' सेशन में राजामौली ने वाराणसी को लेकर कई बड़े खुलासे किए. उन्होंने बताया कि महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन को साथ लेकर आ रही वाराणसी किसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा नहीं होगी, बल्कि यह एक स्टैंडअलोन फिल्म के तौर पर बनाई जा रही है.
यूरोप में हुई इस मास्टरक्लास के दौरान राजामौली ने बताया कि वाराणसी में दर्शकों को किस तरह का सिनेमैटिक अनुभव मिलने वाला है.
उन्होंने कहा, 'आप अंटार्कटिका की बर्फ और ठंड का अनुभव करेंगे, रामायण के भगवानों को देखेंगे. प्राकृतिक आपदाएं और कई शानदार फैंटेसी भरे एलिमेंट्स इस फिल्म का हिस्सा होंगे, लेकिन इन सबके सेंटर में एक पिता और बेटे की इमोशनल कहानी होगी. यही वाराणसी है.'
राजामौली से जब पूछा गया कि क्या वाराणसी भी दो या उससे ज्यादा हिस्सों में आने वाली फ्रेंचाइजी होगी— क्योंकि आजकल फिल्मों में इसी तरह का ट्रेंड चल रहा है, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया. राजामौली ने कहा, 'नहीं, सिर्फ एक फिल्म होगी.' यूरोप में हुई राजामौली की इस बातचीत के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई.
एक यूजर ने लिखा, 'अगर ऐसा हुआ तो शायद पैन-इंडिया फिल्मों में दो-तीन पार्ट्स का ट्रेंड खत्म हो जाएगा.' दूसरे ने लिखा, 'इसे बिना किसी कट के चार घंटे की फिल्म बनाइए.'
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, 'टीज़र में जो कुछ देखा, उसके बाद मुझे अब भी लगता है कि यह दो पार्ट्स में आने वाली फिल्म है. तीन घंटे काफी नहीं लगते.'
यूरोप में फेस्टिवल के दौरान वाराणसी की एक झलक भी दिखाई गई, जिसे देखकर फ्रेंच दर्शकों ने तालियों और सीटियों से टीम का स्वागत किया. इसी दौरान राजामौली ने खुलासा किया कि फिल्म के एक अहम हिस्से में महेश बाबू भगवान राम की भूमिका निभाएंगे. फिल्म के राइटर विजयेंद्र प्रसाद ने वहां मौजूद दर्शकों को फिल्म का करीब 30 मिनट लंबा सीक्वेंस भी दिखाया.
उन्होंने बताया, 'यह भगवान राम और कुंभकर्ण के बीच युद्ध का सीन है. आपने टीज़र में भगवान राम Trim और कुंभकर्ण को देखा था. आपने भगवान हनुमान की पूंछ और उस पर मौजूद रथ भी देखा था. मैं उसी सीन की बात कर रहा हूं... वह आपको मंत्रमुग्ध कर देगा.'
बाहुबली फ्रेंचाइजी और RRR की ऐतिहासिक सफलता के बाद, वाराणसी राजामौली की अगली फिल्म है, इसलिए सिर्फ इंडियन फैंस ही नहीं, ग्लोबल फैंस को भी इससे बहुत उम्मीदें हैं. फिल्म में महेश बाबू, पृथ्वीराज और प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. बताया जा रहा है कि फिल्म में भारतीय पौराणिक कथाओं, लोककथाओं और साइंस फिक्शन का अनोखा मेल देखने को मिलेगा.
वाराणसी अप्रैल 2027 में थिएटर्स में रिलीज होगी. इसी फिल्म के साथ प्रियंका चोपड़ा आठ साल बाद भारतीय सिनेमा में वापसी भी करेंगी.