scorecardresearch
 

110 दिन NICU में रही मालती, 4 साल बाद भी डर में जी रहीं प्रियंका चोपड़ा, बताई वजह

प्रियंका चोपड़ा की बेटी मालती का जन्म सरोगेसी से साल 2022 में हुआ था. ये दौर एक्ट्रेस और उनके पति निक के लिए बेहद मुश्किलों से भरा था. हाल ही में प्रियंका ने इसपर दोबारा बात की और अपना डर भी जाहिर किया.

Advertisement
X
निक-प्रियंका की बेटी मालती मैरी (Photo: Instagram @priyankachopra)
निक-प्रियंका की बेटी मालती मैरी (Photo: Instagram @priyankachopra)

प्रियंका चोपड़ा आज एक ग्लोबल स्टार होने के साथ-साथ जिम्मेदार मां भी हैं. वो अपनी बेटी मालती मैरी से मिलने के लिए दुनिया के किसी भी कोने से घर पहुंच जाती हैं. प्रियंका कई बार सोशल मीडिया पर भी बेटी के साथ बिताए हसीन पलों की झलक दिखाती हैं. हालांकि एक्ट्रेस के लिए मां बनने की जर्नी उतनी आसान नहीं थी. 

बेटी मालती के लिए इमोशनल हुईं प्रियंका

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की बेटी मालती सरोगेसी के जरिए साल 2022 में जन्मी थी. हाल ही में प्रियंका ने अपनी मुश्किल प्रेग्नेंसी के दिनों को याद करते हुए बताया कि कैसे बेटी के जन्म के बाद, उनकी जिंदगी पूरी तरह बदली. मैरी क्लेयर से बातचीत में प्रियंका ने बेटी मालती को लेकर कहा, 'हमारी बेटी बहुत लाड़ और चाहत से हुई थी, क्योंकि मुझे प्रेग्नेंसी में बहुत मुश्किल हुई थीं.'

'वो मेरी चमत्कारी बच्ची है, इसलिए जब वो पैदा हुई तो सब कुछ रुक गया, जैसे दुनिया थम सी गई. मुझे लगता है ये प्रीमैच्योर बेबी की मां या NICU की मां वाली बात है, लेकिन आज भी मुझे हमेशा डर लगा रहता है. जब वो मेरे पास नहीं होती, स्कूल में जाती है, या मैं किसी दूसरे देश में हूं, तो ऐसा लगता है जैसे मेरा दिल मेरे शरीर से बाहर दौड़ रहा हो.' 

Advertisement

कैसे हुआ था प्रियंका की बेटी का जन्म?

प्रियंका की बेटी मालती NICU यानी एक ऐसी जगह जहां नवजात बच्चों की देखभाल की जाती है, वहां करीब 110 दिनों तक थी. वो एक प्रीमैच्योर बेबी थीं, जिनका जन्म समय से काफी पहले हो चुका था. ऐसे में प्रियंका को अपनी बेटी का खूब ख्याल रखना पड़ा. इसी बातचीत में वो आगे ये भी बताती हैं कि कैसे अब बेटी मालती अपने पिता की तरह परफॉर्मर बन चुकी हैं. 

प्रियंका ने कहा, 'वो कमरे के बीचों-बीच खड़ी होकर जोर-जोर से जोक्स सुना रही है और गाना गा रही है. मुझे बहुत अजीब लगता है कि इस छोटी सी बच्ची के अंदर हम सभी- मेरे, निक, उसके दादा-दादी के गुण हैं. वो हर दिन मुझे हैरान कर देती है. वो मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा है. मेरी सारी प्रायोरिटीज बदल गई हैं. अब सब कुछ शुरू और खत्म उसी से होता है.'

बात करें प्रियंका चोपड़ा के प्रोजेक्ट्स की, तो इन दिनों वो एस.एस.राजामौली की 'वाराणसी' फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं. फिल्म अपनी शूटिंग के लगभग अंतिम फेज में है. पूरी कास्ट अंटार्कटिका में जल्द शूटिंग करने वाली है. इस फिल्म को 7 अप्रैल 2027 में रिलीज किया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement