रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का नया और आलीशान घर 'कृष्णा राज' बनकर तैयार हो गया है. कपल के नए घर की कीमत 250 करोड़ रुपये के आसपास बताई जा रही है. रणबीर-आलिया हाल ही में अपने नए घर में शिफ्ट हुए हैं. 6 मंजिला घर में एक फ्लोर नीतू कपूर का भी है. अब नीतू ने बेटे-बहू संग नए घर में रहने पर बात की है.
बेटे-बहू संग रहेंगी नीतू कपूर
रणबीर कपूर और आलिया के नए घर में नीतू कपूर के फ्लोर पर उनकी लाडली बेटी और दामाद रिद्धिमा कपूर-भरत साहनी और नातिन समारा साहनी के लिए भी अलग कमरे बनाए गए हैं. नए घर में रणबीर-आलिया संग रहने पर नीतू कपूर ने कहा कि वो बेटे-बहू की प्राइवेसी का सम्मान करती हैं और उन्हें पूरा स्पेस देती हैं.
सोहा अली खान के पॉडकास्ट में नीतू कपूर ने इस बारे में बात करते हुए कहा- मुझे लगता है कि जब आपके बच्चों की शादी हो जाती है, तो आपको उन्हें उनके हाल पर छोड़ देना चाहिए. मैं अपने बच्चों के साथ एक ही बिल्डिंग में रहती हूं, लेकिन मेरा जब मन चाहे मैं वहां नहीं जाती. मैं उन्हें उनकी प्राइवेसी और स्पेस देना चाहती हूं.
'मैं नहीं चाहती कि उन्हें ऐसा महसूस हो कि उनकी मां हमेशा उनके सिर पर बैठी रहती है. उनकी प्राइवेसी, उनकी अपनी है और मैं उसमें दखल नहीं देती. यहां तक कि राहा भी जब फ्री होती है तभी मेरे पास आती है. मैं कभी भी बिना बताए उनके फ्लोर पर नहीं जाती.'
बेटी के करीब थे ऋषि कपूर
नीतू कपूर ने आगे कहा कि जब उनकी बेटी रिद्धिमा की शादी हुई थी, तब उन्होंने बेटी की जिंदगी में भी दखल देना बंद कर दिया था. नीतू कपूर बोलीं- तब मैं ऋषि जी से कहा करती थी कि उन्हें हर रोज फोन न करें. मैं उनसे कहती थी- अब रिद्धिमा शादीशुदा है, साथ में भरत भी है, आप हर वक्त कॉल नहीं कर सकते. उसे अपनी लाइफ जीने दो. आपको अब थोड़ा पीछे हटना होगा'.
मगर ऋषि जी कहते थे- मेरा जब मन करेगा मैं उन्हें तब फोन करूंगा. मैं भरत को भी कॉल करूंगा. लेकिन मैं उनसे कहती थी- आप यह क्या कर रहे हो? कभी-कभी बात करना ठीक है, पर उन्हें हर वक्त फोन मत किया करो. उनकी भी अपनी लाइफ है, हर समय उनके सिर पर सवार मत रहो.
बता दें कि रणबीर कपूर के नए बंगले का नाम उनकी दादी कृष्णा राज कपूर के सम्मान में रखा गया है. रिपोर्ट्स की मानें तो आलिया-रणबीर ने नया घर बेटी राहा के नाम पर रजिस्टर कराया है. कपल का घर मुंबई के सबसे पॉश एरिया में बना है, जिसकी कीमत 250 करोड़ के आसपास है.