scorecardresearch
 

बायोपिक फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ने को तैयार 'माइकल' जैक्सन की कहानी, रिव्यूज को लेकर क्रिटिक्स से भिड़ी जनता!

माइकल जैक्सन की बायोपिक रिलीज से पहले ही चर्चा में है. एक तरफ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग की उम्मीदें हैं, तो दूसरी तरफ कमजोर रिव्यूज पर फैन्स और क्रिटिक्स आमने-सामने आ गए हैं. अब सबकी नजर इस बात पर है कि जनता थिएटर्स में इसे कितना बड़ा सपोर्ट देती है.

Advertisement
X
रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग के लिए तैयार 'माइकल'! (Photo: Instagram/@michaelmovie)
रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग के लिए तैयार 'माइकल'! (Photo: Instagram/@michaelmovie)

'पॉप का किंग' कहे गए माइकल जैक्सन की कहानी पहली बार बड़े पर्दे पर आ रही है. डायरेक्टर एन्टोइन फुकुआ की फिल्म माइकल, 24 अप्रैल को रिलीज के लिए रेडी है. दुनिया के सबसे बड़े परफॉर्मर की कहानी को उनके अपने भतीजे जाफर जैक्सन ने बड़े पर्दे पर उतारा है. जाफर ने अंदाज और आवाज से जैक्सन को जिस दमदार तरीके से जिया है, उसकी चर्चा ट्रेलर आने के बाद ही होने लगी थी. दुनिया भर में माइकल बहुत तगड़ी डिमांड में है. और ये क्रेज ऐसा है कि माइकल बायोपिक्स का ऑल टाइम रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी में है.

धुआंधार ओपनिंग से रिकॉर्ड तोड़ने के लिए रेडी माइकल
माइकल के लिए बॉक्स ऑफिस पर माहौल बहुत गर्म है. डिमांड को देखते हुए ट्रेड का अनुमान है कि ये माइकल जैक्सन की बायोपिक, बायोपिक फिल्मों के बड़े रिकॉर्ड चैलेंज करने वाली है. वैरायटी और कई पब्लिकेशन्स के अनुमान कहते हैं कि सिर्फ यूएस में ही माइकल, पहले वीकेंड में करीब 90 मिलियन डॉलर की ओपनिंग करने की तरफ बढ़ रही है. जबकि वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर माइकल का ओपनिंग वीकेंड 150 मिलियन डॉलर तक जाने का अनुमान लगाया जा रहा है.

अमेरिका में ओपेनहाइमर (2023) 82 मिलियन डॉलर के ओपनिंग वीकेंड के साथ, सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली बायोपिक है. जबकि वर्ल्डवाइड इस फिल्म का ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 174 मिलियन डॉलर था. वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी म्यूजिक बायोपिक बोहेमियन रेप्सोडी (2018) है, जिसका ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 122.5 मिलियन डॉलर था. माइकल ओपनिंग वीकेंड में, बोहेमियन रेप्सोडी से आगे निकलने के लिए तो रेडी है. अब देखना है कि ये वर्ल्डवाइड ओपेनहाइमर का रिकॉर्ड तोड़ पाती है या नहीं.

Advertisement

माइकल के रिव्यूज पर क्रिटिक्स से भिड़े फैन्स
माइकल को थिएटर्स में रिलीज होने में अभी 2 दिन बाकी हैं. लेकिन फिल्म फेस्टिवल्स में माइकल के शोज और दूसरी मीडिया स्क्रीनिंग हो चुकी हैं. फिल्म के रिव्यूज सामने आने लगे हैं. बंदिश हट गई है और इंटरनेशनल फिल्म रेटिंग वेबसाइट रोटेन टोमेटोज पर माइकल को क्रिटिक्स से 35% पॉजिटिव रिव्यूज मिले हैं, जो बहुत कमजोर रेटिंग है.

जहां बीबीसी ने माइकल को 'क्लीशे और बमुश्किल किसी काम की' फिल्म कहा, वहीं द गार्डियन ने इसे 'खोखली और बुरी' तक कह दिया. अधिकतर नेगेटिव रिव्यूज की शिकायत ये थी कि फिल्म माइकल जैक्सन के विवादों को दिखाने से बच निकली है. रोटेन टोमेटोज पर ऑडियंस रेटिंग रिलीज के बाद ओपन होगी. लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने माइकल के नेगेटिव रिव्यूज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

एक यूजर ने लिखा, 'मैंने देखा कि माइकल के बहुत सारे रिव्यूज इसलिए नेगेटिव हैं क्योंकि वो फिल्म में माइकल पर लगे आरोप देखना चाहते थे... जानना चाहता हूं कि क्या एल्विस फिल्म पर भी ऐसे ही सवाल उठाने की एनर्जी इन लोगों में थी?' 

दूसरे ने लिखा, 'जाइए वो रिव्यूज पढ़िए, खुद पढ़िए. इनमें से एक भी फिल्म के बारे में बात नहीं कर रहा. ये सारे फिल्म में उनपर लगे आरोपों का जिक्र न होने की बात कर रहे हैं. और ऐसा तब हो रहा है जब सभी को बताया जा चुका ही कि इसका पार्ट 2 भी आएगा और 1988 (जहां माइकल अभी खत्म होती है) तक ऐसे कोई आरोप नहीं लगे थे.'

Advertisement

माइकल जैक्सन के भतीजे ताज जैक्सन ने सोशल मीडिया पर नेगेटिव रिव्यूज के खिलाफ लिखा, 'सॉरी मीडिया. आपको ये नैरेटिव कंट्रोल करने का मौका नहीं दिया जाएगा कि माइकल जैक्सन असलियत में कौन थे! पब्लिक ये फिल्म देखेगी और खुद फैसला करेगी. और आप इसे रोक नहीं पाएंगे.'

माइकल को रिलीज होने में अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं. माइकल जैक्सन की पॉपुलैरिटी कैसी थी, ये तो सभी जानते हैं. इसलिए जनता में फिल्म का भी क्रेज खूब रहेगा. रिव्यूज पर जनता क्रिटिक्स को घेरने लगी है. अब देखना है कि माइकल के लिए जनता बॉक्स ऑफिस पर कैसी भीड़ लगाती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement