
बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा इन दिनों भोजपुरी इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर खेसारी लाल यादव पर दिए अपने कड़े बयान को लेकर अचानक सुर्खियों में आ गई हैं. सोशल मीडिया पर खेसारी लाल का एक वीडियो वायरल होने के बाद मलाइका का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने खुलेआम एक्टर के रवैये पर सवाल खड़े कर दिए.
दरअसल, यह पूरा मामला एक रेड कार्पेट इवेंट के दौरान बेजुबान जानवर के साथ हुई बदसलूकी से जुड़ा है, जिस पर खेसारी की चुप्पी देख मलाइका खुद को रोक नहीं पाईं और उन्होंने सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर खरी-खोटी सुना दी.
रेड कार्पेट पर हुआ क्या था?
अमेजन प्राइम वीडियो के शो 'बैटलग्राउंड' के रेड कार्पेट का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में खेसारी लाल यादव कैमरों के सामने पोज देने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान रेड कार्पेट पर एक आवारा कुत्ता आ गया, जिसे वहां मौजूद इवेंट स्टाफ ने बेहद बेरहमी से घसीटकर बाहर कर दिया. चौंकाने वाली बात यह रही कि यह सब खेसारी लाल की आंखों के ठीक सामने हुआ, लेकिन उन्होंने स्टाफ को रोकने के बजाय चुपचाप खड़े होकर पोज देने का इंतजार किया.

मलाइका अरोड़ा का फूटा गुस्सा
इवेंट स्टाफ की इस हरकत और खेसारी लाल की चुप्पी पर मलाइका अरोड़ा का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. जानवरों से बेहद लगाव रखने वाली मलाइका ने इस वायरल वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-शेयर करते हुए भोजपुरी एक्टर पर सीधा निशाना साधा. वीडियो पोस्ट करते हुए मलाइका ने कैप्शन में लिखा, 'ये लोग कैसे हैं? और यह कौन व्यक्ति है जो खड़ा होकर पोज दे रहा है... घिनौना.'
कमेंट सेक्शन में भी लगाई क्लास
मलाइका सिर्फ स्टोरी शेयर करके ही शांत नहीं हुईं, बल्कि उन्होंने उस वायरल वीडियो के कमेंट सेक्शन में जाकर भी अपनी भड़ास निकाली. उन्होंने एक कमेंट में लिखा, 'बेतुका,' तो वहीं दूसरे कमेंट में खेसारी पर सवाल उठाते हुए लिखा, 'यह बेवकूफ कौन है??? क्या उसके लिए पोज देना इतना जरूरी है??' मलाइका के इन कमेंट्स के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस छिड़ गई है.
'बैटलग्राउंड सीजन 2' से जुड़े हैं खेसारी
आपको बता दें कि खेसारी लाल यादव हाल ही में फिटनेस रियलिटी सीरीज 'बैटलग्राउंड सीजन 2' में नजर आए थे. इस शो में उनके साथ फुकरा इंसान (अभिषेक मल्हान), प्रियंका चाहर चौधरी और राहुल चौधरी जैसे मशहूर चेहरे भी शामिल थे. यह शो खास तौर पर मोबाइल-फर्स्ट ऑडियंस को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें ताकत, स्टैमिना और कड़ी टक्कर देखने को मिलती है.