
लगता है कि बॉलीवुड में एक और विवाद शुरू होने वाला है! कंगना रनौत और तापसी पन्नू की सालों पुरानी लड़ाई फिर सुर्खियों में आ गई है. शनिवार के दिन तापसी ने इंडिया टुडे वुमन समिट 2026 में शिरकत की थी. वहां उनसे कंगना संग रिश्तों के सुधरने पर सवाल किया गया.
तापसी ने कहा कि वो कभी कंगना ने मिली नहीं हैं. उनके बारे में कुछ बोलना एक्ट्रेस की परवरिश और उनके नजरिए को दर्शाएगा. ऐसे में लोगों के लिए ये देखना और तय करना काफी है कि कौन कहां से आता है.
कंगना ने तापसी को लेकर क्या कहा?
तापसी पन्नू ने सिर्फ ये कहकर अपनी बात खत्म कर दी थी. मगर कंगना उनकी बातों से सहमत नहीं नजर आईं. उन्होंने तापसी के बयान के चंद घंटों बाद इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक्ट्रेस को जमकर फटकार लगाई. कंगना रनौत ने उन्हें 'सस्ती कॉपी' कहते हुए लिखा- एक सस्ती कॉपी अपनी आने वाली B-ग्रेड फिल्म के साथ घूम रही है. हमेशा की तरह मीडिया के सामने उसके पास बात करने के लिए सिर्फ कंगना रनौत का नाम है. लेकिन आज उसने सारी हदें पार कर दीं और बेशर्मी से मेरी परवरिश और मेरे माता-पिता का मजाक उड़ाया.
'मेरा मानना है कि हर माता-पिता अपने बच्चों के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश करते हैं. मैं कभी किसी बहस में किसी के माता-पिता को नहीं घसीटती. लेकिन आज मैं उसके माता-पिता से भी पूछना चाहती हूं कि वो मेरे माता-पिता की तरह कोई ओरिजिनल इंसान क्यों नहीं पैदा कर पाए? ऐसी सस्ती कॉपी क्यों? आपकी कोशिशों के लिए सच में दुख होता है.'

7 साल पहले शुरू हुआ था विवाद
कंगना ने तापसी को 'सस्ती कॉपी' पहली बार नहीं कहा है. आज से सात साल पहले 2019 में उनकी एक फिल्म जजमेंटल है क्या आई थी, तब भी कंगना की बहन रंगोली ने एक्ट्रेस को सस्ती कॉपी कहा था. विवाद की शुरुआत तापसी की एक भूल से हुई, उन्होंने उस फिल्म के ट्रेलर की तारीफ की मगर कंगना रनौत को भूल गईं.
इसके बाद साल 2020 में कंगना ने बॉलीवुड में बढ़ते नेपोटिज्म और आउटसाइडर्स विवाद के बीच, तापसी को B-ग्रेड एक्ट्रेस और जरूरतमंद आउटसाइडर कह डाला था. हालांकि, इतना सबकुछ होने के बावजूद, तापसी ने इस विवाद को आगे नहीं घसीटा.