1980 के दशक में जितेंद्र बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते थे. फिल्मों में सफलता के साथ-साथ उन्होंने रियल एस्टेट में भी समझदारी से निवेश किया. एक इंटरव्यू में जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने दिवंगत अभिनेता भारत भूषण का मुंबई के पॉश इलाके पाली हिल में स्थित बंगला बेहद कम कीमत पर खरीदा था. पर आज उस बंगले की कीमत करोड़ों रुपये है.
जितेंद्र को बंगले का अफसोस?
'द रियल्टी ड्राइव' से बात करते हुए जितेंद्र ने बताया कि उस समय भारत भूषण गंभीर आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे. पैसों की जरूरत के कारण उन्हें अपना पाली हिल वाला बंगला सिर्फ ₹4.25 लाख में बेचना पड़ा.
जितेंद्र ने कहा कि भूषण उस समय बहुत बड़े स्टार थे. उन्होंने 'बैजू बावरा' जैसी शानदार फिल्में की थीं. एक दिन उन्होंने मुझसे अपना पाली हिल वाला बंगला खरीदने की बात की. मैंने अपने पिताजी से बात की, तो उन्होंने कहा कि चलो, हम भी एक बंगला खरीद लेते हैं. उससे पहले हमारा परिवार बहुत साधारण जीवन जीता था. हम 20×10 फुट के एक कमरे में रहते थे, जहां 8 लोग साथ रहते थे. आखिरकार मैंने वो बंगला 4.25 लाख में खरीद लिया. सबसे हैरानी की बात ये थी कि उसी कीमत में 3,450 स्क्वेयर फीट का प्लॉट भी मिला.
जितेंद्र ने बताया कि बंगले में शिफ्ट होने के बाद उनकी लगातार चार फिल्में फ्लॉप हो गईं. उन्हें डर लगने लगा कि कहीं उनका भी वही हाल ना हो जाए जो भारत भूषण का हुआ था. इसी डर से उन्होंने वह बंगला छोड़ दिया. हालांकि, बाद में वही प्रॉपर्टी उनके लिए सबसे फायदे का सौदा साबित हुई. वो कहते हैं कि आप यकीन नहीं करेंगे, लेकिन जब इसे तोड़ा गया तो मुझे इसके निर्माण में इस्तेमाल हुई बर्मा टीक लकड़ी से ही 11.5 लाख मिले. मैंने पूरा बंगला 4.25 लाख में खरीदा था और सिर्फ लकड़ी से ही 11.5 लाख कमा लिए.
मौजूदा कीमत का जिक्र करते हुए जितेंद्र ने कहा, जिस जमीन पर यह इमारत खड़ी है, उसकी कीमत ही आज करीब ₹450 करोड़ है.