मशहूर म्यूजिक कंपोजर इस्माइल दरबार ने फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के साथ देवदास और हम दिल दे चुके सनम जैसी यादगार फिल्मों में काम किया है. उन्होंने हाल ही में अपनी दूसरी शादी और परिवार को लेकर खुलकर बात की. इस्माइल ने बताया कि उनके घर में दोनों धर्मो का पालन किया जाता है.
हिंदू थीं इस्माइल की पत्नी
इस्माइल ने बताया कि उनकी दूसरी पत्नी ने धर्म परिवर्तन किया था. बच्चे किस धर्म को फॉलो करते हैं. इस्माइल की दूसरी पत्नी आयशा का पहले नाम प्रीति था. वो उनके करियर के सबसे मुश्किल दौर में उनके साथ खड़ी रहीं.
शुभोजित के यूट्यूब चैनल पर बातचीत में इस्माइल ने कहा- मेरी जिंदगी के 20 साल बहुत कठिन रहे. लेकिन मैं आयशा को सलाम करता हूं कि उन्होंने हर मुश्किल में मेरा साथ दिया. संजय लीला भंसाली मेरे परिवार के इतने करीब थे कि उन्होंने मुझसे कहा था कि मैं सिर्फ अपनी पत्नी की वजह से बचा हूं, वरना खत्म हो जाता.
हिंदू धर्म का पालन करता है बेटा
इस्माइल ने अपने छोटे बेटे ईमान के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि शादी के एक साल बाद उनके बेटे का जन्म हुआ और उसका नाम भी भंसाली ने ही रखा- ईमान.
उन्होंने कहा- उसका हिंदू नाम मान है. जब वो अपने नाना-नानी के घर जाता है तो वहां उसे मान बुलाया जाता है. वो पूजा में भी खड़ा होता है, माथे पर तिलक भी लगाता है. मैंने उसे सिखाया है कि जिस धर्म में वो पैदा हुआ है उसका सम्मान करे, लेकिन बाकी सभी धर्मों का भी आदर करे.
पहली शादी और परिवार
इस्माइल दरबार की पहली शादी फरजाना से हुई थी, जिनसे उनके दो बेटे हैं- आवेज दरबार और जैद दरबार. आवेज सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कोरियोग्राफर हैं, जबकि जैद एक्टर हैं. उनकी शादी एक्ट्रेस गौहर खान से हुई है. इसके बाद इस्माइल ने आयशा से शादी की.
दूसरी शादी पर क्या बोले?
इस्माइल ने पहले भी बताया था कि उन्होंने आयशा से शादी उस वक्त की जब उनकी पहली पत्नी फरजाना से शादी चल रही थी. उन्होंने ये भी साफ किया कि आयशा ने अपनी मर्जी से इस्लाम कबूल किया, उन पर कोई दबाव नहीं था.
विक्की लालवानी से बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि फरजाना को दूसरी शादी के बारे में कैसे पता चला, तो उन्होंने कहा- उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि मैं ऐसा कदम उठाऊंगा. हालांकि, मैं करीब 10 साल से इशारे दे रहा था. हमारे मतभेद बहुत बढ़ चुके थे. मैं दो महीने से अलग घर में रह रहा था. मैंने उन्हें कुछ नहीं बताया और सीधे सूरत जाकर आयशा से शादी कर ली.