ईशा कोप्पिकर ने पब और बार में नाबालिगों को शराब परोसे जाने को लेकर गंभीर चिंता जताई है. उनका कहना है कि कई जगह बिना आईडी चेक किए ही बच्चों को शराब दी जा रही है- न कोई सवाल, न कोई जिम्मेदारी. उन्होंने सख्त नियम लागू करने की मांग करते हुए कहा कि हर बार जब आईडी चेक नहीं होता, तब एक बच्चे की जिंदगी खतरे में पड़ जाती है.
नशे के खिलाफ ईशा की अपील
इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए ईशा ने पब, क्लब और प्रशासन- तीनों को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा- ये मजाक नहीं है, ये साफ लापरवाही है.
उन्होंने एक हालिया घटना का जिक्र भी किया, जहां एक लड़की इतनी ज्यादा नशे में थी कि खुद को संभाल नहीं पा रही थी और उसकी एक दोस्त को उसे संभालना पड़ा. ईशा ने सवाल उठाया- सोचिए अगर वहां कोई जिम्मेदार इंसान नहीं होता, तो क्या हो सकता था? उन्होंने ऐसे मामलों के खतरे को लेकर चिंता जताई.
12 साल की बेटी की मां होने के नाते ईशा ने कहा कि ये मुद्दा उन्हें अंदर तक परेशान करता है. उन्होंने सिस्टम से अपील की- कृपया नियमों का सख्ती से पालन करें और हमारे बच्चों को सुरक्षित रखें.
उन्होंने पब और रेस्टोरेंट मालिकों से भी कहा कि मुनाफे से पहले जिम्मेदारी को प्राथमिकता दें. प्रॉफिट से पहले जिम्मेदारी आती है. ईशा ने ये भी जोड़ा कि चाहे कोई पब या रेस्टोरेंट कितना ही प्रभावशाली व्यक्ति का क्यों न हो, कानून सबके लिए एक जैसा होना चाहिए. कानून स्टेटस देखकर नहीं बदल सकता.
पेरेंट्स से गुजारिश- बच्चों पर रखें निगरानी
इसके साथ ही उन्होंने माता-पिता से भी सतर्क रहने और बच्चों की जिंदगी में जुड़े रहने की अपील की. उनका कहना था कि आज के समय में बच्चों को सबसे ज्यादा जरूरत है- गाइडेंस, सीमाएं और सुरक्षित माहौल.
अंत में उन्होंने कहा- ये किसी को दोष देने की बात नहीं है, बल्कि जागरूकता, रोकथाम और देखभाल की बात है. एक छोटी सी लापरवाही किसी की जिंदगी बदल सकती है. किसी हादसे का इंतजार मत करो- अभी जाग जाओ.
ईशा का ये बयान ऐसे समय आया है जब NESCO Centre में हुए एक कॉन्सर्ट में ड्रग ओवरडोज की वजह से दो युवाओं की मौत हो गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस इवेंट में कई नियमों का उल्लंघन हुआ, जैसे नाबालिगों को शराब परोसना, तय समय से ज्यादा देर तक कार्यक्रम चलाना और सिक्योरिटी में कमी, जिससे ड्रग्स अंदर पहुंच सके. बताया गया कि 25 साल से कम उम्र के लोगों को भी शराब दी गई, जिसमें एक मृतक श्रेया राय भी शामिल थीं.