पिछले कुछ सालों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और एक्टर सलमान खान का विवाद सबसे ज्यादा चर्चा में रहा है. 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू में जब एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई और इस हमले के पीछे सलमान खान से नजदीकी को वजह बताया गया, हालांकि इस घटना में टाइगर श्रॉफ तो सुरक्षित बच गए. लेकिन जानकारी निकलकर सामने आई कि असली टारगेट तो सलमान खान ही थे.
आखिर साल 1998 के काले हिरण शिकार मामले से शुरू हुई यह दुश्मनी वक्त के साथ कैसे खतरनाक मोड़ लेती गई और इन सालों में सलमान खान को कब-कब धमकियां और हमले झेलने पड़े, आइए इसकी टाइमलाइन से जानते हैं.
2018 में पहली बार सामने आई थी मौत की धमकी
इस पूरे विवाद की शुरुआत साल 2018 में हुई थी. जोधपुर कोर्ट में पेशी के दौरान जब लॉरेंस बिश्नोई को पुलिस कस्टडी में लाया गया था, तो उसने मीडिया के सामने खुलेआम धमकी दी थी. उसने कहा था, 'सलमान खान को यहीं जोधपुर में मार दिया जाएगा... तब उसे हमारी असली पहचान पता चलेगी.' शुरुआत में इसे महज एक बड़बोलापन मानकर नजरअंदाज कर दिया गया था, लेकिन यह उस खतरनाक आंधी की महज एक शुरुआत थी जो आने वाले सालों में बॉलीवुड पर टूटने वाली थी.
2022 में पिता सलीम खान को मिला धमकी भरा खत
साल 2022 वह मोड़ था जब इस मामले ने सबको झकझोर कर रख दिया. एक दिन जब सलमान खान के पिता और मशहूर लेखक सलीम खान अपनी रोजाना की सुबह की सैर के बाद घर के पास उसी बेंच पर बैठे, जहां वे अक्सर आराम करते थे, तो उन्हें एक धमकी भरा पत्र मिला. उस खत में बहुत ही डरावने अंदाज में लिखा था कि 'तुम्हारा हाल मूसे वाला जैसा कर देंगे.' यह पंजाबी गायक सिद्धू मूसे वाला की हत्या की तरफ साफ इशारा था, जिन्हें कुछ समय पहले ही इसी गैंग ने मर्डर किया था.
2023 में ईमेल के जरिए भेजा गया मौत का संदेश
साल 2022 के उस खत के बाद डर का माहौल और गहरा हो गया. मार्च 2023 में सलमान खान की टीम के एक सदस्य को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी भेजी गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बांद्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और एक्टर की सुरक्षा पर नए सिरे से विचार किया जाने लगा.
गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर खुलेआम फायरिंग
धमकियों का सिलसिला अब जमीन पर उतरने लगा. अप्रैल 2024 की एक सुबह बांद्रा स्थित सलमान खान के घर 'गैलेक्सी अपार्टमेंट' के बाहर अचानक गोलियों की आवाज गूंजी. बाइक पर सवार दो हमलावरों ने पहली मंजिल की बालकनी को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की और फरार हो गए. गनीमत रही कि कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस हमले ने साबित कर दिया कि बिश्नोई गैंग सिर्फ कागजी धमकियों तक सीमित नहीं है.
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गैंग ने पनवेल फार्म हाउस के पास भी सलमान पर हमले की खतरनाक साजिश रची थी, जिसे मई में पुलिस ने चार शूटर्स को दबोचकर नाकाम कर दिया. इसी साल जब सलीम खान सैर पर थे, तब एक स्कूटी सवार महिला ने उनके पास आकर तंज कसते हुए कहा था, 'क्या मैं लॉरेंस बिश्नोई को बुलाऊं?'
करीबी दोस्त बाबा सिद्दीकी की सनसनीखेज हत्या
यह घटना सलमान खान के लिए व्यक्तिगत रूप से सबसे बड़ा आघात थी. 12 अक्टूबर 2024 की आधी रात को एनसीपी नेता और सलमान खान के बेहद करीबी दोस्त बाबा सिद्दीकी की बिश्नोई गैंग के शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस मर्डर ने फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मचा दी क्योंकि साफ संदेश दे दिया गया था कि जो भी सलमान खान के साथ खड़ा होगा, उसका हस्र बुरा होगा. हालांकि सलमान खान बिना डरे बाबा सिद्दीकी के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे.
फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हमला
गैंग का दायरा सिर्फ सलमान तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके करीबियों और सहयोगियों को भी डराने का सिलसिला जारी रहा. फरवरी 2025 में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की गई, जिसके पीछे भी बिश्नोई गैंग के संदेशों का हवाला देते हुए इसे सलमान खान और पूरे बॉलीवुड के लिए चेतावनी बताया गया. बता दें कि सलमान खान और रोहित शेट्टी ना सिर्फ अच्छे दोस्त हैं, बल्कि बिग बॉस में भी होस्टिंग शेयर करते हैं.
कपिल शर्मा और एपी ढिल्लों के घर को बनाया निशाना
दुश्मनी का दायरा देश की सीमाओं से बाहर विदेशों तक पहुंच गया. जुलाई 2025 से लेकर 2026 के बीच कनाडा के सुर्रे में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग हुई. गैंग ने बयान जारी कर इसकी वजह नेटफ्लिक्स शो में सलमान खान को मेहमान के तौर पर बुलाना बताया. इसके बाद जून 2026 में गायक एपी ढिल्लों के वैंकूवर स्थित घर के बाहर भी फायरिंग की गई, जिसे सलमान के साथ उनके म्यूजिक वीडियो में काम करने से जोड़कर देखा गया.
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग
सिलसिला यहीं नहीं रुका. 18 अक्टूबर 2026 की शाम को जब मुंबई के जुहू में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं, तो हड़कंप मच गया. इस हमले में टाइगर तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हो गए. हमले के तुरंत बाद बिश्नोई गैंग ने एक ऑडियो संदेश जारी कर साफ कर दिया कि यह सब सलमान खान से नजदीकियों की सजा है और इस बार सीधा अल्टीमेटम दिया गया कि सलमान बिश्नोई समाज से माफी मांगें वरना उनके पूरे नेटवर्क को चुन-चुनकर निशाना बनाया जाएगा.
कड़ी सुरक्षा के साये में 'दबंग' खान
लगातार मिल रही इन धमकियों और जानलेवा हमलों के बाद सलमान खान की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है. साल 2023 से ही उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से वाई-प्लस (Y+) कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है. उनके साथ हर वक्त 11 ट्रेंड जवान रहते हैं, जिनमें कमांडो और पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) शामिल हैं.
उनकी गाड़ी के आगे-पीछे हमेशा एस्कॉर्ट गाड़ियां चलती हैं और उनकी खुद की कार भी पूरी तरह बुलेटप्रूफ है. गैलेक्सी अपार्टमेंट की बालकनी को भी बुलेटप्रूफ कांच से कवर कर दिया गया है और पूरे घर को हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरों की निगरानी में रखा गया है.
आखिर कहां से सुलग उठी इस नफरत की आग?
इस पूरी खूनी रंजिश की जड़ें अक्टूबर 1998 में जाकर मिलती हैं, जब सलमान खान राजस्थान में अपनी सुपरहिट फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग कर रहे थे. उस दौरान जोधपुर के कांकाणी गांव के पास कथित तौर पर दो काले हिरणों (ब्लैकबक) के शिकार का मामला सामने आया था, जिसमें सलमान खान मुख्य आरोपी बनाए गए थे. बिश्नोई समाज में काले हिरण को बेहद पवित्र और भगवान की तरह पूजनीय माना जाता है. बस यही वह वाकया था जिसने बिश्नोई समाज और लॉरेंस गैंग के दिल में ऐसी आग भड़काई जो आज ढाई दशक बाद भी ठंडी होने का नाम नहीं ले रही है.