अजय देवगन की फिल्म दृश्यम 3 तो इस समय बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा रही है. लंबे वीकेंड और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का इसे जमकर फायदा मिल रहा है. इसका नतीजा ये है कि फिल्म ने अभी तक तीन दिन पूरे भी नहीं हुए हैं, और नेट 150 करोड़ की कमाई कर चुकी है. संडे के दिन जबतक ये खबर लिखी जा रही है, तबतक दृश्यम ने रिकॉर्डतोड़ कमाई कर ली है. लेकिन इसके ठीक सामने हनुमान अंश ने भी मजबूत पकड़ बनाई हुई है.
हनुमान अंश का जलवा
7 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म हनुमान अंश अभी भी सिनेमाघरों में लगी हुई है. इसे रिलीज हुए 50 दिन से भी ज्यादा का समय बीत चुका है. नई-नई रिलीज हुई दृश्यम 3 के कारण इसके शोज भी अभी कम हुए, मगर फिल्म की कमाई में कोई असर नहीं दिखा है. ये फिल्म अभी भी लोगों का दिल जीत रही है. आठवें हफ्ते में भी इसने बढ़िया कमाई की है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, बीते शनिवार को फिल्म ने 2.10 करोड़ कमाए थे.
हनुमान अंश के इस समय देशभर में 1300 के आसपास शोज लगे हैं. 58 दिनों में फिल्म कुल 321.73 करोड़ रुपये नेट कमा चुकी है. वहीं वर्ल्डवाइड इसकी कमाई 419.46 करोड़ हुई है. फिल्म कमाई में गिरावट जरूर देखी गई है, मगर दृश्यम की आंधी में भी इसका टिक पाना एक बहुत बड़ी बात मानी जा रही है. क्योंकि इसके ठीक सामने वीर पहाड़िया-अपारशक्ति खुराना की फिल्म प्रेम कीटाणु भी 2 अक्टूबर को रिलीज हुई और उसका बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल देखा जा रहा है.
वीर पहाड़िया कर रहे स्ट्रगल
शनिवार को ये फिल्म मात्र 65 लाख रुपये कमा पाई, और अपने दो दिनों के टोटल में 1.15 करोड़ रुपये नेट जोड़ पाई. इसे ऑडियंस से अलग-अलग तरह के रिस्पॉन्स मिले. चूंकि ये एक साउथ फिल्म प्रेमलु का रीमेक है, इसलिए उस फिल्म से इसकी तुलना भी हो रही है. ऐसा लग रहा है कि पहले वीकेंड में वीर पहाड़िया की फिल्म 2 करोड़ के आसपास ही कमा पाएगी.
बात करें फिल्म दृश्यम 3 की, तो इसे अभिषेक पाठक ने डायरेक्ट किया है जिन्होंने पार्ट 2 भी बनाई थी. ये मलयालम वाली दृश्यम फ्रैंचाइजी का रीमेक है, जिसका तीसरा पार्ट हिंदी भाषा में ओरिजिनल है.