scorecardresearch
 

पुलिस लाइन में महिला कांस्टेबल ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

आगरा पुलिस लाइन में महिला कांस्टेबल आरती का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला. 2018 बैच की आरती एक महीने की छुट्टी पर थी और 4 नवंबर को ड्यूटी ज्वाइन करने वाली थी. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. आत्महत्या की वजह की जांच जारी है.

Advertisement
X
करवाचौथ के बाद कमरे से नहीं निकली कांस्टेबल.(Photo: Nitin upadhyay/ITG)
करवाचौथ के बाद कमरे से नहीं निकली कांस्टेबल.(Photo: Nitin upadhyay/ITG)

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक महिला कांस्टेबल का शव पुलिस लाइन स्थित उसके कमरे में फंदे से लटका मिला है. मृतका की पहचान आरती के रूप में हुई है. वह एसीपी कार्यालय में तैनात थी और 2018 बैच की कांस्टेबल थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

जानकारी के मुताबिक, आरती ने एक महीने की छुट्टी ले रखी थी. उसे 4 नवंबर को दोबारा ड्यूटी ज्वाइन करनी थी. शनिवार सुबह काफी देर तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो आसपास रहने वाले पुलिसकर्मियों को शक हुआ. उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला.

यह भी पढ़ें: आगरा में जज के परिवार की कार में टक्कर के बाद बवाल, BSF जवान पर भीड़ जुटाकर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची टीम ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो आरती का शव फंदे से लटका मिला. इसके बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

उन्नाव की रहने वाली थी आरती, एक महीने की छुट्टी पर थी

आरती मूल रूप से उन्नाव की रहने वाली थी और अभी अविवाहित थी. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अवसाद में थी. छुट्टी के दौरान वह ज्यादातर समय अपने कमरे में ही रहती थी. पड़ोसियों ने उसे आखिरी बार करवाचौथ के दिन देखा था.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में मौके से सुसाइड नोट मिलने की बात कही गई थी. हालांकि, एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने इस बात को स्पष्ट करते हुए बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.

पुलिस ने आरती के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. महिला कांस्टेबल ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement