scorecardresearch
 

'काम करने वालों के साथ कास्टिंग काउच नहीं होता', बोलकर फंसी हंसिका मोटवानी, हुईं ट्रोल

एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी ने कास्टिंग काउच पर अपने अनुभवों को लेकर दिए बयान से सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा कर दिया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी इस तरह का अनुभव नहीं किया, साथ ही बेपरवाह तरीके से इस सवाल से बचती दिखीं. उनका ऐसा रवैया यूजर्स को पसंद नहीं आ रहा है.

Advertisement
X
कास्टिंग काउच पर हंसिका का ये कैसा रवैया? (Photo: ITG)
कास्टिंग काउच पर हंसिका का ये कैसा रवैया? (Photo: ITG)

एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी के एक बयान ने नई बहस छेड़ दी है. उन्होंने कास्टिंग काउच पर इस तरह से बात की कि सोशल मीडिया की दुनिया में हंगामा मच गया. एक्ट्रेस यूजर्स के निशाने पर आ गई हैं. 

शोबिज में कास्टिंग काउच सबसे गंभीर इशूज में गिना जाता है. अमूमन हर आर्टिस्ट को इससे जूझना पड़ता है. कई के एक्सपीरियंस बेहद खौफनाक होते हैं, तो कई इससे बच निकलते हैं. तो वहीं, कभी किसी एक्टर ने खुद के साथ नहीं लेकिन आसपास ऐसा होते देखा होता है. लेकिन हंसिका से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कास्टिंग काउच की घटना से साफ इनकार कर दिया.

कास्टिंग काउच पर क्या बोलीं हंसिका?

सोशल मीडिया के मुताबिक हंसिका ने बेहद बेपरवाह रवैया अपनाते हुए इस गंभीर इशू पर बात की. हंसिका ने कहा कि वो इस मुद्दे पर ज्यादा कुछ नहीं कह सकतीं, क्योंकि उन्होंने खुद ऐसा कभी अनुभव नहीं किया.

हंसिका से हॉटरफ्लाई ने जब बातचीत में कहा कि शायद चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर जल्दी इंडस्ट्री में आने की वजह से वो इससे बच गई होंगी. तो हंसिका ने जवाब दिया- नहीं, नहीं… और मुझे लगता है कि जो लोग सच में काम करना चाहते हैं, उनके साथ ये सब नहीं होता. मैं ऐसा इसलिए सोचती हूं क्योंकि मेरे साथ ऐसा नहीं हुआ.

Advertisement

इस पर होस्ट ने कहा कि भले ही उनके साथ ऐसा न हुआ हो, लेकिन इंडस्ट्री में इस तरह की चीजें होती हैं, इसे नकारा नहीं जा सकता. इस पर हंसिका ने कहा- मैं सच में इस पर कोई कमेंट नहीं कर सकती क्योंकि मुझे इसके बारे में पता नहीं है.

जब होस्ट ने जोर देकर कहा कि इस मुद्दे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, तो हंसिका बोलीं- हां, इसे अवॉइड नहीं कर सकते, लेकिन मुझे इसके बारे में जानकारी नहीं है.

सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई नाराजगी

हंसिका के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उनके वीडियो पर कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल किया और उनकी सोच की आलोचना की. कुछ यूजर्स ने लिखा- ये अपनी ही दुनिया में रहती हैं. तो किसी ने कहा- अगर मुझे बीमारी नहीं है, तो क्या वो बीमारी होती ही नहीं? एक अन्य यूजर ने लिखा- आप बस सेफ खेल रही हैं, आपको सब पता है.

वहीं कई और यूजर ने निराशा जताते हुए कहा- हैरानी होती है कि कुछ सेलेब्रिटीज इतने बड़े मुद्दे को सिर्फ इसलिए नजरअंदाज कर देते हैं क्योंकि उन्होंने खुद इसका सामना नहीं किया. बहुत ही बुरा रवैया है.

ट्रोल्स का शिकार हंसिका

Advertisement

हंसिका का हाल ही में तलाक हुआ है. वो अपनी शादी के लिए भी ट्रोल हो चुकी हैं. कहा गया था कि हंसिका ने अपनी फ्रेंड के पति से शादी की, इस वजह से उनकी दोस्ती भी खराब हुई. प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो, हंसिका ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट टीवी शो शाका लाका बूम बूम से की थी. हाल ही में वो 2024 की तमिल फिल्म गार्जियन में नजर आईं. उनकी जल्द ही प्राइम वीडियो की सीरीज गली आने वाली है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement