आये दिन सोशल मीडिया पर कई चीजें वायरल होती रहती हैं. इनमें से कुछ खबरें सच होती हैं, तो कुछ हकीकत से काफी अलग होती है. इन्हीं में से एक खबर जया बच्चन को लेकर भी है. हाल ही में जया बच्चन को संसद में काफी कड़ा रुख अपनाते हुए देखा गया. जया बच्चन इतनी गुस्से में थीं कि उन्होंने बीजेपी सांसदों को श्राप दे डाला. जय बच्चन के विवादित बयान के बाद कई लोग उनसे नाराज नजर आये.
फिरोज खान के वायरल ट्वीट का सच क्या है?
जया बच्चन मुद्दे पर महाभारत के अर्जुन यानि फिरोज खान का एक ट्वीट काफी वायरल हुआ. जिसमें कहा गया कि 'अमिताभ बच्चन ने पिछले 50 सालों में जो अपनी इज्जत बनाई थी, उसकी... पत्नी ने उस इज्जत का कबाड़ा कर दिया.' आखिर इस वायरल ट्वीट का सच है क्या? क्या सच में फिरोज खान जैसे मंझे हुए कलाकार ऐसी बात लिख सकते हैं?
आज तक से बातचीत के दौरान एक्टर फिरोज खान ने सच बताया. फिरोज खान का कहना है कि वो अमिताभ बच्चन और उनकी फैमिली की काफी इज्जत करते हैं. जिस अकाउंट से जया बच्चन को लेकर ट्वीट किया गया. असल में वो फेक अकाउंट है. एक शख्स द्वारा फेक ट्वीटर आईडी बना कर उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. वो पहले भी इस शख्स के खिलाफ रिपोर्ट कर चुके हैं. पर अकाउंट ब्लॉक नहीं किया गया. अब वहीं जया बच्चन के केस के बाद वो फिर से साइबर क्राइम के पास मदद के लिये पहुंच गये हैं. एक्टर की रियल ट्विटर आईडी @ARJUNFEROZKHAN है.
सपने में भी नहीं सोच सकते ऐसे अपशब्द
एक्टर का कहना है कि वो बच्चन परिवार की इतनी इज्जत करते हैं कि सपने में भी जया बच्चन के खिलाफ ऐसे शब्द इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं. मामले को लेकर वो साइबर क्राइम की मदद ले रहे हैं. जल्द ही वो सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर मुद्दे पर अपनी सफाई भी पेश करेंगे.
फिरोज खान का कहना है कि वायरल ट्वीट में जरा भी सच्चाई नहीं है. इसलिये इस तरह के फेक ट्वीट पर यकीन न करें. बाकि आगे जांच चालू है. जल्द ही सच सबके सामने होगा.