सिंगर दलेर मेहंदी के साथ कुछ वक्त पहले जो भी हुआ, उससे बॉलीवुड इंडस्ट्री में काफी गुस्सा देखा गया. हर कोई उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल के बर्ताव से खफा था. मीका सिंह तो उनकी माफी के लिए अड़ गए थे. हालांकि अब ये मैटर सॉल्व हो गया है. मीका ने कल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मंत्री की ओर से माफी मांगी.
दलेर मेहंदी संग विवाद पर क्या था कपिल का रिएक्शन
मीका सिंह ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई सारे मुद्दों पर बात की. उन्होंने बताया कि कैसे मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी की छवि बिगाड़ी, उनपर आरोप लगाए. मीका ने साथ ही साथ उन लोगों को भी जवाब दिया, जिन्होंने उनके भाई पर सवाल उठाए. इस दौरान सिंगर ने उस कॉल का भी जिक्र किया, जिसमें कपिल शर्मा उनसे नाराज थे.
मीका बताते हैं कि जिस रात दलेर मेहंदी के साथ ये घटना हुई थी, तब कपिल शर्मा काफी खफा हुए थे. उन्होंने उन्हें कॉल करके अपने भाई के लिए खड़ा होने की बात कही. समाचार एजेंसी से मीका सिंह ने इस पूरे विवाद पर कहा- दलेर जी बहुत खुश हैं. मुझे याद है कि उस रात सबसे पहले मुझे कपिल शर्मा का फोन आया था. उन्होंने कहा था कि ये बहुत गलत हुआ है. मीका, तुम चुप कैसे रह सकते हो? मैंने उनसे कहा कि अगर तुझे इतना गुस्सा आ रहा है, तो सोच मेरे ऊपर क्या बीत रही होगी.
'मैं उसी रात गुस्से में आकर अपनी बात रख सकता था, लेकिन ये सिर्फ भाई का मामला नहीं है. मैं हर उस इंसान के लिए आवाज उठाता हूं, जो किसी भी इंडस्ट्री में परेशानी का सामना कर रहा है. अगर किसी दूसरे सिंगर के साथ भी ऐसा होता, तो मैं उसके लिए भी खड़ा होता. जब मेरे अपने भाई के साथ ऐसा हुआ, तो मैंने उसी रात उन्हें फोन किया था. काफी रात हो चुकी थी, इसलिए मैंने अगली सुबह एक वीडियो बनाया.'
मीका ने किया अपना गुस्सा काबू
मीका ने आगे कहा- उस वक्त मैंने अपने गुस्से पर काबू रखा और शांति से अपनी बात रखी. मैं और भी बहुत कुछ कह सकता था, लेकिन मुझे लगा कि इस मामले को समझदारी और संयम के साथ संभालना जरूरी है. लोगों ने हमें बहुत सपोर्ट किया है और अब दलेर जी भी खुश हैं. मुझे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का फोन भी आया था. उन्होंने बहुत विनम्रता से बात की और कहा कि उत्तराखंड के लोग बेवकूफ नहीं हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि दलेर जी का उत्तराखंड में पूरे सम्मान और इज्जत के साथ स्वागत किया जाएगा. उन्होंने ये भी माना कि जो कुछ हुआ, वो नहीं होना चाहिए था. इसके लिए उन्होंने उत्तराखंड और वहां के लोगों की तरफ से माफी भी मांगी.
इसी बातचीत में मीका ने मंत्री सुबोध उनियाल पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि उनका स्वभाव गुस्से वाला होगा. मीका ने कहा अगर वो मंत्री हैं, तो सिर्फ उत्तराखंड के हैं. लेकिन दलेर मेहंदी पूरे इंडिया के स्टार हैं. उन्होंने ये भी कहा कि इस विवाद के कारण अब लोग उन्हें जान गए होंगे, क्योंकि पहले उन्हें कोई नहीं जानता था. मीका के मुताबिक, सुबोध उनियाल को इसके लिए उनका धन्यवाद करना चाहिए.