दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले काफी दिनों से कई सारे स्टूडेंट्स शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं. उनके समर्थन में सोनम वांगचुक भी थे, जो 21 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हुए थे. लेकिन फिर 18 जुलाई को हाई कोर्ट के आदेश अनुसार उन्हें सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट कराया गया.
फिल्मी सितारों ने दिखाया समर्थन
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) स्टूडेंट्स को न्याय दिलाने के लिए अनशन पर बैठी है. उन्हें अभी तक कई फिल्मी सितारों और जानी-मानी हस्तियों का सपोर्ट मिल चुका है. बीते दिन रविवार 19 जुलाई को पूनम पांडे भी वहां पहुंची थीं. उनके अलावा बॉलीवुड की वेटरन एक्ट्रेस शबाना आजमी और पैन इंडिया एक्टर प्रकाश राज भी जंतर-मंतर पर नजर आए.
शबाना आजमी ने वहां कई सारे प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की. वो वहां CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके से भी मिलीं, जो सोनम वांगचुक के बाद भूख हड़ताल पर बैठ चुके हैं. एक्ट्रेस की इस मुलाकात के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें वो स्टूडेंट्स के इस आंदोलन का समर्थन करती नजर आई हैं. कुछ दिन पहले उन्होंने सोनम वांगचुक की भी सराहना की थी, जो लाखों बच्चों की खातिर भूख हड़ताल पर बैठ गए थे.
प्रकाश राज भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वालों के साथ बैठे हुए थे. वो इस दौरान बहुत खुश दिखे, एक्टर ने बच्चों की भीड़ भी दिखाई जो रात के अंधेरे में भी प्रदर्शन कर रहे थे. ये नजारा देखकर प्रकाश राज ने कहा कि ये सभी यंगस्टर्स कुछ सवाल उठा रहे हैं. शबाना आजमी और प्रकाश राज, जंतर-मंतर पर तब पहुंचे जब CJP प्रदर्शन 20 जुलाई को संसद की ओर रुख करने वाला है.
20 जुलाई को होगा संसद की तरफ मार्च?
कहा जा रहा है कि CJP के सभी प्रदर्शनकारी 20 जुलाई को संसद की तरफ शांतिपूर्वक मार्च करेंगे. हालांकि दिल्ली पुलिस ने साफ किया कि CJP को इस मार्च की कोई अधिकारिक तौर पर इजाजत नहीं मिली है. अब देखना है कि क्या संसद में 20 तारीख को शांतिपूर्वक प्रदर्शन होगा या नहीं. बता दें कि CJP में मौजूद सभी स्टूडेंट्स शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के कारण जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने बैठे हैं.