बॉलीवुड के जाने-माने कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर बॉस्को लेस्ली मार्टिस इन दिनों मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं. बताया जा रहा है कि लगातार काम के व्यस्त शेड्यूल के बीच उन्हें सीने में जकड़न और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया.
सीने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती
बॉस्को की अस्पताल के बेड पर लेटे हुए कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं. जानकारी के मुताबिक, बॉस्को को पिछले हफ्ते अचानक सीने में असहजता महसूस हुई. इसके बाद उन्होंने डॉक्टर से सलाह ली. जांच के बाद डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी, ताकि उनकी पूरी मेडिकल जांच की जा सके.
बॉस्को पिछले एक हफ्ते से अस्पताल में भर्ती हैं. इस दौरान उनके कई मेडिकल टेस्ट और स्कैन किए गए हैं. डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं. राहत की बात यह है कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट्स सामान्य बताई जा रही हैं. हालांकि डॉक्टर अभी उन्हें कुछ दिन और ऑब्जर्वेशन में रखना चाहते हैं, ताकि उनकी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके.
उधर, अस्पताल से उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसके बाद फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं.
कौन हैं बॉस्को मार्टिस?
बॉस्को लेस्ली मार्टिस बॉलीवुड के सबसे सफल कोरियोग्राफर्स में से एक हैं. वह 'बॉस्को-सीजर' की मशहूर जोड़ी का हिस्सा हैं. अपने पार्टनर सीजर गोंसाल्विस के साथ मिलकर उन्होंने 75 से ज्यादा फिल्मों और 700 से अधिक गानों की कोरियोग्राफी की है.
दोनों ने अपने करियर की शुरुआत बैकग्राउंड डांसर के तौर पर की थी. बाद में साल 1994 में स्वतंत्र कोरियोग्राफर के रूप में काम शुरू किया और 2000 में 'मिशन कश्मीर' से बॉलीवुड में बड़ी शुरुआत की.
इन सुपरहिट फिल्मों में दिखा उनका जादू
बॉस्को ने 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा', '3 इडियट्स', 'स्वदेस', 'क्वीन', 'जब वी मेट' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों के गानों को कोरियोग्राफ किया है. उन्हें 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' के सुपरहिट गाने 'सेनोरिटा' के लिए 2012 का नेशनल फिल्म अवॉर्ड (बेस्ट कोरियोग्राफी) भी मिला था.
इसके अलावा वह 'So You Think You Can Dance India' और 'Dance India Dance Season 7' जैसे डांस रियलिटी शोज में जज भी रह चुके हैं. फिल्म 'एक मैं और एक तू' के गाने 'आंटी जी' में वह करीना कपूर के साथ स्क्रीन पर भी नजर आए थे.
कोरियोग्राफी के अलावा बॉस्को ने साल 2022 में फिल्म 'रॉकेट गैंग' से निर्देशन की दुनिया में भी कदम रखा. वहीं 2016 में उन्होंने अपना म्यूजिक लेबल BLM Music भी लॉन्च किया. फिलहाल फैंस और इंडस्ट्री के लोग उनके जल्द स्वस्थ होकर काम पर लौटने की कामना कर रहे हैं.