बॉलीवुड के फेमस प्लेबैक सिंगर कुमार सानू का उनकी एक्स वाइफ रीता भट्टाचार्या से विवाद चल रहा है. सिंगर की ओर से रीता के खिलाफ दी गई मानहानि के दावे पर बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई हुई थी. यहां सिंगर कुमार सानू ने कहा है कि अगर उनकी एक्स वाइफ पब्लिक में माफी मांगती हैं तो वह उनके खिलाफ फाइल किया गया ₹50 करोड़ का मानहानि का केस वापस ले सकते हैं.
इस पूरे मामले में कुमार सानू की वकील सना रईस खान ने Aaj Tak से Exclusive बात की है. वकील ने बताया कि आखिर सिंगर को अपनी ही पूर्व पत्नी के खिलाफ इतना बड़ा कदम क्यों उठाना पड़ा.
कुमार सानू ने क्या कहा?
दरअसल, रीता भट्टाचार्य ने पिछले कुछ समय में कई ऐसे इंटरव्यू दिए थे, जिन्हें सानू ने अपनी छवि के लिए बेहद अपमानजनक माना. वकील के अनुसार, इन साक्षात्कारों में न केवल सिंगर के चरित्र पर सवाल उठाए गए, बल्कि उनकी वर्तमान बेटियों को लेकर भी ऐसी बातें कही गईं जो किसी भी पिता के लिए बर्दाश्त से बाहर थीं. जब पानी सिर से ऊपर निकल गया, तब अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए सानू ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया.
इस मामले की सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाई कोर्ट से कुमार सानू को बड़ी राहत मिली है. अदालत ने जनवरी में ही एक अंतरिम आदेश जारी कर दिया था, जिसके तहत उनकी पूर्व पत्नी को सिंगर के खिलाफ अपमानजनक बयानबाजी करने से रोक दिया गया था. सुनवाई के दौरान जस्टिस जाधव ने दोनों पक्षों को यह सलाह भी दी कि चूंकि उनके बीच पुराना रिश्ता रहा है और उनके तीन बच्चे भी हैं, इसलिए बेहतर होगा कि इस कड़वाहट को आपसी सहमति से खत्म कर लिया जाए.
कुमार सानू से माफी मांगेंगी एक्स वाइफ?
कुमार सानू की वकील सना रईस खान ने साफ किया कि उनके मुवक्किल कोर्ट के सुझाव का सम्मान करते हैं. सानू अपने पुराने रिश्तों की दुहाई देकर मामले को खत्म करने के पक्ष में तो हैं, लेकिन एक शर्त पर. शर्त यह है कि रीता को उन सभी प्लेटफॉर्म्स पर आकर 'पब्लिक अपोलॉजी' (सार्वजनिक माफी) मांगनी होगी, जहां उन्होंने सानू की छवि खराब करने की कोशिश की थी. अगर वे माफी मांगती हैं और अपनी गलती स्वीकार करती हैं, तो सानू केस वापस ले लेंगे. लेकिन अगर ऐसा नहीं होता, तो वे इस 50 करोड़ रुपये के मानहानि के मुकदमे को पूरी ताकत से आगे बढ़ाएंगे.
वकील सना रईस खान ने यह भी मुद्दा उठाया कि यह सिर्फ एक निजी विवाद नहीं रह गया था. कई मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने बिना किसी वेरिफिकेशन के इन अपमानजनक बयानों को जगह दी, जिससे सानू की सालों की कमाई हुई इज्जत पर दाग लगा. अब कानूनी टीम का मुख्य उद्देश्य उन सोशल मीडिया रील्स और वीडियो को भी हटवाना है, जो अभी भी इंटरनेट पर मौजूद हैं और सिंगर की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं.