अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन की जोड़ी 'भूत बंगला' के साथ वापस आई है और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हो रही है. वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. जिससे इसे 'क्लीन हिट' का दर्जा मिल गया है. जहां एक तरफ टीम इस सफलता का जश्न मना रही है, वहीं इंडस्ट्री में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो अफवाहें और नेगेटिव खबरें फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. जिस पर प्रियदर्शन का रिएक्शन आया है.
दरअसल एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने खबर दी कि तब्बू, जिन्होंने 'भूत बंगला' में अपनी दमदार मौजूदगी से दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी है, फिल्म के मेकर्स से नाराज हैं. कहा जा रहा है कि एडिटिंग के दौरान फिल्म से उनके कुछ सीन काट दिए गए हैं. इस एडिटिंग का सारा इल्जाम फिल्म के एक्टर अक्षय कुमार पर लगाया गया. लेकिन बाद में पता चला कि ये सारी बातें महज अफवाहें हैं.
प्रियदर्शन ने बताई पूरी सच्चाई
पिंकविला से बात करते हुए फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए सच्चाई सामने रखी. उन्होंने सभी दावों को बेबुनियाद बताते हुए कहा, 'मुझे नहीं पता कि कौन और क्यों इस तरह की नेगेटिव खबरें फैला रहा है. 'भूत बंगला' का डायरेक्टर मैं हूं, और फिल्म में क्या रखना है और क्या नहीं, इसका फैसला भी मैं ही करता हूं. फिल्म को जबरदस्त सफलता मिली है, फिर भी कुछ लोग नकारात्मकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. तब्बू बिल्कुल भी नाराज नहीं हैं. मैंने उनके साथ आठ फिल्में की हैं. अगर वह नाराज होतीं, तो मुझे जरूर बतातीं. वह बहुत खुश हैं. उन्होंने जितने भी सीन शूट किए थे, वे सभी फिल्म का हिस्सा हैं.'
फ़िल्ममेकर ने यह भी बताया कि अक्षय कुमार कभी भी फिल्म की एडिटिंग में दखल नहीं देते हैं. प्रियदर्शन ने आगे कहा, 'इसके अलावा, अक्षय ने मुझसे फिल्म का कोई भी हिस्सा काटने के लिए नहीं कहा; वह ऐसा कभी करते भी नहीं हैं. मैं अपना काम पूरी ईमानदारी से करता हूं, और फिल्म रिलीज होने से पहले हर कलाकार उसे आकर देखता है. जो कोई भी इस तरह की अफवाहें फैला रहा है, उसे शर्म आनी चाहिए.'
200 करोड़ रुपये पार कलेक्शन
'भूत बंगला' की बात करें तो, इस फिल्म की सफलता का श्रेय परेश रावल, राजपाल यादव, असरानी और मनोज जोशी जैसे बेहतरीन कलाकारों की जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग को जाता है. ये ही वजह है कि तीसरे हफ्ते में भी 'भूत बंगला' को देखने के लिए सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है. वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 200 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है.