Vegetable Macaroni Soup Recipe: सर्दियों में गरमा-गरम सूप पीने का मजा ही अलग होता है. ठंड के मौसम में जब कुछ हल्का, गर्म और स्वादिष्ट खाने का मन करे, तो आप घर पर बनाकर वेजिटेबल सूप पी लें. इसमें गाजर, बीन्स, पत्तागोभी और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां डाली जाती हैं, जिससे सूप का स्वाद और पौष्टिकता बढ़ जाती है.
अगर आप बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए कुछ अलग बनाना चाहती हैं, तो इसमें थोड़ी मैकरोनी भी मिला सकते हैं. इससे सूप का स्वाद बढ़ता है और यह पेट भरने वाला भी बन जाता है. आइए जानते हैं घर पर मैकरोनी वाला वेजिटेबल सूप बनाने की आसान रेसिपी.
वेजिटेबल सूप बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स
घर पर कैसे बनाएं वेजिटेबल सूप?
1. सबसे पहले सब्जियां काट लें
सबसे पहले गाजर, बीन्स, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और प्याज को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें. अदरक, लहसुन और हरी मिर्च भी काटकर तैयार रखें. सब्जियां बारीक काटने से वे जल्दी पक जाती हैं और सूप खाते समय उनका स्वाद भी अच्छा लगता है.
2. तेल में भूनें अदरक, लहसुन और प्याज
अब एक गहरे पैन या कड़ाही में 2 छोटे चम्मच तेल गर्म करें. इसमें बारीक कटा लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें. इसके बाद प्याज डालें और हल्का नरम होने तक पकाएं. ध्यान रखें कि लहसुन ज्यादा न जले, वरना सूप का स्वाद कड़वा हो सकता है.
3. सभी सब्जियां डालकर पकाएं
अब पैन में गाजर, बीन्स, शिमला मिर्च और पत्तागोभी डालें. इन्हें मध्यम आंच पर 2 से 3 मिनट तक चलाते हुए भूनें. इसके बाद जरूरत के अनुसार पानी डालें और सूप को उबलने दें.
4. सूप में मिलाएं मैकरोनी और मसाले
अब इसमें मैकरोनी, सोया सॉस, टोमैटो केचप, काली मिर्च और स्वादानुसार नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. मैकरोनी को पैकेट पर दिए निर्देशों के अनुसार नरम होने तक पकाएं. अगर मैकरोनी पहले से उबली हुई है, तो उसे बाद में डालें, ताकि वह ज्यादा न गले.
5. कॉर्नफ्लोर से गाढ़ा करें सूप
सूप को हल्का गाढ़ा बनाने के लिए कॉर्नफ्लोर में थोड़ा ठंडा पानी मिलाकर घोल तैयार करें. इसे धीरे-धीरे सूप में डालते हुए लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें. अब सिरका डालें और सूप को करीब 8 से 10 मिनट तक पकाएं या जब तक सब्जियां और मैकरोनी अच्छी तरह पक न जाएं.
6. हरे प्याज से सजाकर परोसें
आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा प्याज डालें. गर्मागर्म वेजिटेबल सूप को कटोरी में निकालें और सर्दियों की शाम में इसका मजा लें. चाहें तो स्वाद के अनुसार हरी मिर्च और सिरके की मात्रा कम-ज्यादा कर सकती हैं.
छोटी-सी टिप: अगर आप सूप को हल्का रखना चाहती हैं, तो तेल और कॉर्नफ्लोर की मात्रा कम कर सकती हैं. बच्चों के लिए बनाते समय हरी मिर्च और काली मिर्च कम रखें.