scorecardresearch
 

भूत बंगला के लिए ब्रेकर बना 'खूनी मंडे'! शानदार वीकेंड के बाद घटी कमाई, पर अक्षय की फिल्म का हिट होना तय

भूत बंगला ने दमदार वीकेंड के बाद सोमवार को बॉक्स ऑफिस पर गिरावट जरूर देखी, लेकिन फिल्म की स्थिति अभी भी मजबूत बनी हुई है. 4 दिनों में 70 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर चुकी फिल्म के लिए वर्ड ऑफ माउथ काम कर रहा है. अब नजर इस पर है कि वर्किंग डेज में ये रफ्तार कैसे बनाए रखती है.

Advertisement
X
भूत बंगला के लिए स्पीड ब्रेकर बना मंडे! (Photo: Instagram/@akshaykumar)
भूत बंगला के लिए स्पीड ब्रेकर बना मंडे! (Photo: Instagram/@akshaykumar)

अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला ने वीकेंड में थिएटर्स को खूब भीड़ दी. एक अरसे बाद जनता में अक्षय की फिल्म के लिए ऐसी ऑर्गैनिक डिमांड नजर आई. इसकी सबसे बड़ी वजह थी बॉलीवुड को आइकॉनिक कॉमेडीज देने वाले प्रियदर्शन के साथ अक्षय का रीयूनियन.

हेराफेरी से लेकर खट्टा मीठा तक, 10 सालों में एक से बढ़कर एक कॉमेडी फिल्में दे चुकी इस जोड़ी ने भूत बंगला में एक बार फिर जनता को वो कॉमेडी दिखाई है जो बॉलीवुड से गायब नजर आने लगी थी. इसलिए पहले वीकेंड में भूत बंगला ने तगड़ा धमाका किया. मगर हफ्ते का पहला वर्किंग डे यानी सोमवार, भूत बंगला के लिए तगड़ा स्पीड ब्रेकर साबित हुआ है.

मंडे को कम हुए भूत बंगला के मेहमान!
वीकेंड में तगड़ा जंप लेने वाली फिल्मों के लिए, पहला कामकाजी सोमवार स्पीड ब्रेकर साबित होता है. भूत बंगला के साथ यही हुआ है. ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श ने मंडे कलेक्शन का ऑफिशियल आंकड़ा 8.10 करोड़ रुपये बताया. भूत बंगला की रिलीज का दिन, शुक्रवार एक वर्किंग डे था. रिलीज के उत्साह और वीकेंड की शुरुआत के साथ शुक्रवार को भूत बंगला ने 14.40 करोड़ रुपये कलेक्शन किया था.

Advertisement

सोमवार को भूत बंगला का कलेक्शन, शुक्रवार के मुकाबले करीब 40% कम हुआ है. लेकिन इस गिरावट के पीछे ये भी एक वजह है कि भूत बंगला वैसी, बड़ी एक्शन-धमाका फिल्म नहीं है जिसका इंतजार जनता को पहले से ही बहुत तगड़ा रहता है. भूत बंगला के लिए रिलीज से पहले इतनी एक्साइटमेंट नहीं थी जितनी पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के बाद बनी. ये वर्ड ऑफ माउथ वर्किंग डेज में भी फिल्म को दर्शक दिलवाता रहेगा, मगर ये भीड़ वीकेंड या शुक्रवार जितनी मजबूत नहीं दिखेगी.

भूत बंगला को नहीं कोई रिस्क
पहले वीकेंड में ही 65 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर चुकी भूत बंगला ने सोमवार कलेक्शन के साथ, 4 दिन में कुल 73 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर लिया है. मंगलवार को ब्लॉकबस्टर ट्यूस्डे ऑफर में टिकट सस्ते होंगे तो भूत बंगला एक बार फिर से डबल डिजिट में कलेक्शन करेगी.

गुरुवार तक पहले बॉक्स ऑफिस हफ्ते में भूत बंगला 95 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन कर लेगी. अक्षय की इस फिल्म का बजट 100 करोड़ से 120 करोड़ बताया गया है. 120 करोड़ बजट के हिसाब से ही दो हफ्तों में भूत बंगला बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित होगी. अब देखना बस ये है कि भूत बंगला कितनी बड़ी हिट साबित होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement