बॉलीवुड एक्ट्रेस-पॉलिटिशियन कंगना रनौत की मच-अवेटेड फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. देशभक्ति, साहस और इंसानियत से भरे इस ट्रेलर ने रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. फिल्म के ट्रेलर के साथ एक दमदार संदेश भी शेयर किया गया जिसमें लिखा है- हेडलाइंस ने आतंक को याद रखा, इतिहास हीरोज को भूल गया. जब आतंक ने हमला किया, तब उन्होंने साहस को चुना. ये उनकी कहानी है.
कंगना ने किया इम्प्रेस
इसी एक लाइन से फिल्म की पूरी थीम साफ हो जाती है. 'भारत भाग्य विधाता' उन गुमनाम नायकों की कहानी लेकर आ रही है, जिन्होंने आतंक और डर के बीच भी हिम्मत नहीं हारी और दूसरों की जान बचाने के लिए खुद को खतरे में डाल दिया.
ट्रेलर की शुरुआत दहशत और अफरा-तफरी के माहौल से होती है. गोलियों की आवाज, लोगों की चीख-पुकार और हर तरफ फैला डर दर्शकों को 26/11 जैसे भयावह दौर की याद दिलाता है. लेकिन इसी अंधेरे के बीच कुछ ऐसे लोग भी नजर आते हैं जो अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की मदद के लिए खड़े हो जाते हैं.
फिल्म में कंगना रनौत एक नर्स के किरदार में दिखाई दे रही हैं. ट्रेलर में उनका किरदार मरीजों और अस्पताल में फंसे लोगों की सुरक्षा के लिए हर खतरे का सामना करता नजर आता है. कंगना का गंभीर और भावनात्मक अंदाज फिल्म की कहानी को और प्रभावशाली बनाता है.
फैंस को पसंद आ रहा ट्रेलर
'भारत भाग्य विधाता' की सबसे खास बात ये है कि ये बंदूक उठाने वाले लोगों की नहीं, बल्कि उन आम लोगों की कहानी है जो असाधारण हालात में असली हीरो बनकर सामने आए. फिल्म उन मेडिकल स्टाफ, नर्सों, अस्पताल कर्मचारियों और आम नागरिकों को श्रद्धांजलि देती है, जिनकी बहादुरी को शायद उतनी पहचान नहीं मिली जितनी मिलनी चाहिए थी.
ट्रेलर में देशभक्ति का जज्बा, इमोशनल पल और थ्रिलर का रोमांच एक साथ देखने को मिलता है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है. कई लोग इसे कंगना रनौत के करियर की सबसे भावनात्मक फिल्मों में से एक बता रहे हैं.
'भारत भाग्य विधाता' 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में कंगना के साथ गिरिजा ओक भी हैं. ट्रेलर देखने के बाद इतना जरूर कहा जा सकता है कि ये फिल्म आतंक की कहानी नहीं, बल्कि उस साहस की कहानी है जो सबसे मुश्किल वक्त में भी हार नहीं मानता.