बॉलीवुड एक्टर और सलमान खान के भाई अरबाज खान के साथ एक चौंकाने वाली घटना हुई. एक शख्स जबरन अरबाज की कार के अंदर घुसकर बैठ गया. अरबाज की कार में अनजान शख्स को देख वहां अफरा-तफरी मच गई. एक्टर के बॉडीगार्ड्स ने मुश्किल से शख्स को बाहर निकाला. यह पूरा मामला कैमरे में कैद हो दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
अरबाज की सिक्योरिटी में चूक
वायरल वीडियो कोलकाता का बताया जा रहा है. दरअसल, अरबाज कोलकाता में एक इवेंट में शामिल होने पहुंचे थे. लेकिन जब वो इवेंट से बाहर निकले तो एक शख्स जबरन एक्टर की कार के अंदर घुसकर बैठ गया. अपनी कार में अनजान शख्स को बैठा देख अरबाज भी हैरानी से हक्के-बक्के नजर आए. अचानक देखते ही देखते वहां हड़कंप मच गया.
अरबाज के बॉडीगार्ड्स की पूरी टीम मौके पर जमा हो गई और उन्होंने शख्स को मुश्किल से गाड़ी से घसीटकर बाहर निकाला. वीडियो में देख सकते हैं कि वो शख्स अरबाज की गाड़ी से निकल नहीं रहा था. ऐसे में सिक्योरिटी में तैनात लोगों को जबरन उस शख्स को खींचकर बाहर निकालना पड़ा. इस दौरान धक्का-मुक्की भी होती दिखी. सिक्योरिटी ने उस शख्स की पिटाई भी की. वीडियो में लोग 'मारो मारो' चिल्लाते हुए भी नजर आर रहे हैं.
यहां देखें वायरल वीडियो-
इस पूरे हादसे के दौरान अरबाज कार के पीछे खड़े हैरान-परेशान नजर आ रहे हैं. वीडियो देखने के बाद फैंस भी अरबाज को लेकर चिंतित होते दिखाई दे रहे हैं. फैंस का कहना है कि ये अरबाज की सुरक्षा में बड़ी चूक है.
बता दें कि सलमान खान और उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर कई दफा हमला हो चुका है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सलमान को कई दफा जान से मारने की कोशिश की है. ऐसे में अरबाज की कार में अनजान शख्स के घुसने पर फैंस एक्टर की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए हैं. हालांकि, अब तक अरबाज का इसपर कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है.