scorecardresearch
 

वाघा बॉर्डर पर ए आर रहमान ने गाया 'वंदे मातरम', वीर जवानों को दिया ट्रिब्यूट, रचा इतिहास

ए आर रहमान ने एक बार फिर अपनी गायकी से इतिहास रचा है. वो मैं वापस आऊंगा फिल्म की टीम के साथ वाघा (अटारी) बॉर्डर पहुंचे थे, जहां उन्होंने भारत देश के वीर जवानों की याद में देशभक्ति के गाने गाए. इसमें उनका वंदे मातरम भी शामिल था.

Advertisement
X
वाघा बॉर्डर पर रहमान ने बांधा समा (Photo: ITG)
वाघा बॉर्डर पर रहमान ने बांधा समा (Photo: ITG)

फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने अपनी फिल्म मैं वापस आऊंगा को प्रमोट करने का अनोखा तरीका खोज निकाला है. वो फिल्म के म्यूजिक कंपोजर ए आर रहमान और सिंगर मोहित चौहान के साथ अटारी वाघा बॉर्डर पहुंचे. ए आर रहमान ने पहली बार अटारी बॉर्डर पोस्ट पर लाइव परफॉर्मेंस दी. ये कॉन्सर्ट देश के बहादुर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को समर्पित था.

अटारी बॉर्डर पर गूंजा वंदे मातरम

अटारी बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के दौरान आयोजित ‘जय हो – ए म्यूजिकल सैल्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’ प्रोग्राम में हजारों दर्शक JCP स्टेडियम में जुटे. ए आर रहमान, मोहित चौहान को सुनने के लिए सभी काफी एक्साइटेड थे. इस दौरान उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म मैं वापस आऊंगा से कई गाने गाए. 

मगर रहमान के शो की सबसे बड़ी हाइलाइट उनका गाना वंदे मातरम रहा. अटारी बॉर्डर पर हुए कॉन्सर्ट के कई वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं. इसमें रहमान अपनी टीम के साथ आइकॉनिक वंदे मातरम सॉन्ग गा रहे हैं. सिंगर की धुन पर वहां मौजूद हजारों लोग झूम भी रहे हैं. लेकिन जैसे ही उनके गाने की मेन लाइन नजदीक आती है, सब अपनी सीट से उठ खड़े होते हैं और जोर-जोर से वंदे मातरम गाते दिखाई देते हैं. 

Advertisement

इस मोमेंट को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. ए आर रहमान, इंडिया-पाकिस्तान के बॉर्डर पर खड़े होकर वंदे मातरम जैसा जोशीला देशभक्ति वाला गाना गा रहे हैं. ये देखकर लोग काफी सरप्राइज नजर आए हैं. उनका कहना है कि सिंगर के गाने ने उनके रोंगटे खड़े कर दिए हैं. 

क्या है मैं वापस आऊंगा की कहानी?

इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा वैसे भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक इमोशनल कहानी है, जो उस दौर के लोगों की यादों और अनुभवों से प्रेरित है. ये कहानी बिछड़े रिश्तों, अधूरी मोहब्बत और दिलों में बसे दर्द को दर्शाती है. ऐसे में अटारी बॉर्डर पर हुए इस इवेंट का महत्व काफी बढ़ जाता है. 

इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, शरवरी वाघ और नसीरुद्दीन शाह हैं. कुछ वक्त पहले ही इम्तियाज की फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था, जो लोगों को काफी इमोशनल भी कर गया था. अब देखना है कि जब ये रिलीज होगी, तब क्या लोग इसे प्यार देंगे या नहीं. मैं वापस आऊंगा फिल्म 12 जून को रिलीज होगी. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement