आलिया भट्ट की फिल्म 'अल्फा' शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. लेकिन फिल्म की रिलीज से ठीक पहले आलिया की मां सोनी राजदान ने सोशल मीडिया पर ऐसा इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसने हर किसी का दिल छू लिया.
सोनी ने इंस्टाग्राम पर अपने परिवार की एक बेहद खास तस्वीर शेयर की. इस फोटो में एक साथ चार पीढ़ियों की महिलाएं नजर आ रही हैं- 97 साल की मां गर्ट्रूड होएल्जर (Gertrude Hoelzer), बेटी आलिया भट्ट, शाहीन भट्ट और नन्ही राहा. इस तस्वीर के जरिए सोनी ने अपनी मां की हिम्मत और संघर्ष को सलाम किया.
97 साल की मां को बताया असली 'Alpha Woman'
सोनी ने लिखा कि उनकी मां ही उनके परिवार की असली अल्फा महिला हैं. उन्होंने कहा कि यह पोस्ट जन्मदिन के लिए नहीं, बल्कि आलिया की फिल्म 'अल्फा' की रिलीज से पहले उनकी नानी की तरफ से खास शुभकामना है.
सोनी ने बताया कि उनकी मां जब सिर्फ 6 साल की थीं, तब उन्हें अपने परिवार के साथ नाजी जर्मनी से भागना पड़ा था. उन्होंने लिखा कि उनका परिवार यहूदी नहीं था, लेकिन उनके नाना ने एडॉल्फ हिटलर का खुलकर विरोध किया था. इसी वजह से पूरे परिवार की जान खतरे में पड़ गई और उन्हें अपना घर छोड़कर भागना पड़ा.
मुश्किलों से लड़ते हुए बनीं भारत की बहू
जर्मनी छोड़ने के बाद परिवार ने कई साल चेकोस्लोवाकिया में कठिन हालात झेले. बाद में वो यहूदी किंडरट्रांसपोर्ट ट्रेन के जरिए सुरक्षित ब्रिटेन पहुंच सके. सोनी ने बताया कि उनकी मां ने जीवन में कई मुश्किलें देखीं. बाद में उनकी शादी एन.एन. राजदान से हुई और फिर उन्होंने भारत में नई जिंदगी की शुरुआत की.
अपनी पोस्ट के आखिर में सोनी ने लिखा कि 'अल्फा वुमन' सिर्फ फिल्मों में नहीं होतीं, बल्कि हमारे आसपास भी होती हैं. उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि हमारी हर मां और हर दादी अपने-आप में अल्फा होती है. अगर आप भी ऐसा मानते हैं तो दिल वाला इमोजी भेजिए और अपने जीवन की किसी अल्फा वुमन की कहानी भी शेयर कीजिए.
सोनी की यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई. सोशल मीडिया पर फैंस ने उनकी मां की बहादुरी और पूरे परिवार के जज्बे की जमकर तारीफ की.
'अल्फा' में दिखेगा दमदार एक्शन
बात करें फिल्म 'अल्फा' की, तो यह 3 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म का डायरेक्शन शिव रवैल ने किया है, जबकि इसे आदित्य चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया है.
यह यश राज की स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड एक्शन थ्रिलर फिल्म है. फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी खतरनाक एजेंट्स के किरदार में नजर आएंगी. वहीं अनिल कपूर उनके सीनियर अधिकारी बने हैं और बॉबी देओल फिल्म के खतरनाक विलेन की भूमिका निभा रहे हैं.
इतना ही नहीं, फिल्म में ऋतिक रोशन भी अपने पॉपुलर जासूस कैरेक्टर कबीर के रूप में दमदार कैमियो करते दिखाई देंगे, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.