बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार इन दिनों काफी लाइमलाइट में हैं. एक तरफ उनकी फिल्म भूत बंगला 6 हफ्ते बाद भी थिएटर्स में टिकी हुई है, तो दूसरी तरफ अक्षय की नई फिल्म वेलकम टू द जंगल भी रिलीज की तैयारी में है. अक्षय की इस फिल्म को वेलकम 3 भी कहा जा रहा है क्योंकि ये उनकी आइकॉनिक कॉमेडी फिल्म वेलकम से जुड़ी हुई है. 26 जून को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के लिए अक्षय ने प्रमोशन का सिलसिला शुरू कर दिया है. अब वो IPL 2026 के फाइनल मैच में वेलकम टू द जंगल प्रमोट करते नजर आएंगे. ये फाइनल मैच रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला जाएगा.
अक्षय ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो शेयर किया है जिसमें IPL मैचों की कमेंट्री टीम नजर आ रही है. वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, आर अश्विन और अनिल कुंबले जैसे स्टार क्रिकेटर्स इस टीम का हिस्सा हैं. वीडियो में ये सभी हंसते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं. स्टूडियो में उनके पीछे अक्षय की फिल्म के पोस्टर्स नजर आ रहे हैं.
वीडियो में अक्षय बोल रहे हैं 'वेलकम टू द एक्शन मजा ड्रामा और ढेर सारा हंगामा. देखिए सबसे एपिक टी20 फाइनल 31 मई को, शाम 6 बजे सिर्फ जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर.' अपने पोस्ट के कैप्शन में अक्षय ने लिखा, 'इतना बड़ा फाइनल थोड़ा पागलपन, थोड़ा एडवेंचर और ढेर सारा एंटरटेनमेंट तो डिजर्व करता ही है.'
हालांकि, अक्षय के पोस्ट या उनके वीडियो से ये क्लियर नहीं है कि वो IPL फाइनल के दौरान ग्राउंड पर भी प्रमोशनल ईवेंट का हिस्सा बनते दिखेंगे या स्टूडियो में ही नजर आएंगे.
वेलकम टू द जंगल से अक्षय की फिर से वेलकम फ्रेंचाइजी में वापसी हो रही है. 2007 में इसकी शुरुआत उनकी ही आइकॉनिक कॉमेडी ब्लॉकबस्टर वेलकम से हुई थी. मगर इसके सीक्वल वेलकम बैक (2015) में अक्षय की जगह जॉन अब्राहम लीड हीरो थे. डायरेक्टर अनीस बज़्मी अब तीसरी फिल्म में फिर से अक्षय के साथ आ रहे हैं.
इस बार फिल्म में एक बहुत बड़ी स्टार कास्ट है जिसमें अक्षय के साथ बॉबी देओल, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी और परेश रावल जैसे नाम हैं. हाल ही में वेलकम टू द जंगल से अक्षय का भोजपुरी गाना 'घिस घिस घिस' रिलीज हुआ था जिसने फिल्म को अच्छी खासी चर्चा दिला दी है. अब अक्षय IPL फाइनल से अपनी फिल्म का असली भौकाल टाइट करने वाले हैं.