बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं. गौरी स्प्रैट के साथ उनके रिश्ते की चर्चाएं हर तरफ हो रही हैं. लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर और गौरी आने वाली 5 जुलाई 2026 को शादी के बंधन में बंधेंगे.
आपको बता दें कि आमिर खान कई मौको पर ये कह चुके हैं कि वो और गौरी एक-दूसरे के लिए पूरी तरह समर्पित हैं. आमिर का मानना है कि वो दिल से गौरी को अपना जीवनसाथी (Life Partner) मान चुके हैं. पिछले साल मार्च में अपने 60वें जन्मदिन पर इस रिश्ते को ऑफिशियल करने के बाद से ही दोनों को अक्सर हर खास मौके पर एक साथ देखा जाता है.
दो दशक पुरानी है पहचान
बॉलीवुड हंगामा को दिए एक इंटरव्यू के दौरान आमिर खान ने अपने इस रिश्ते की गहराई को बयां किया था. उन्होंने बताया कि वे दोनों एक-दूसरे को आज या कल से नहीं, बल्कि पिछले दो दशकों (20 साल) से भी ज्यादा समय से जानते हैं. बीच में वक्त बदला, लेकिन जब दोनों दोबारा मिले तो जिंदगी ने एक नया मोड़ ले लिया. आमिर के मुताबिक, 'हम अचानक मिले, फिर से संपर्क में आए और सब कुछ बेहद स्वाभाविक रूप से होता चला गया.'
लिव-इन में रह रहा कपल
गौरी स्प्रैट के बारे में बात करते हुए आमिर ने पहले बताया था कि वह मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं. लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर और गौरी अब मुंबई में एक बेहद शानदार नए घर में एक साथ रहते हैं. दोनों लिव-इन में रहकर अपने इस खूबसूरत सफर को आगे बढ़ा रहे हैं.
गौरी से कर चुके शादी
इंटरव्यू के दौरान जब आमिर से पूछा गया कि क्या वे इस रिश्ते को जल्द ही शादी का नाम देने वाले हैं? इस पर आमिर ने कहा, 'गौरी और मैं एक-दूसरे को लेकर सच में बहुत गंभीर हैं. हम एक बहुत ही समर्पित रिश्ते में हैं और पार्टनर्स हैं. जहां तक शादी का सवाल है, तो अपने दिल-दिमाग से मैं पहले से ही उनसे शादी कर चुका हूं.'
गौरी स्प्रैट की बात करें तो वह एक छह साल के बेटे की मां हैं. उन्होंने कुछ समय पहले जिक्र किया था कि वह अपनी जिंदगी में एक ऐसे इंसान की तलाश में थीं जो स्वभाव से बेहद सौम्य और बुद्धिमान हो, और ये सारे गुण उन्हें आमिर खान में नजर आए. खास बात यह है कि गौरी आमिर के प्रोडक्शन हाउस के काम से जुड़ चुकी हैं. इस वजह से दोनों का तालमेल अब और भी मजबूत हो गया है.
अब आमिर खान और गौरी 5 जुलाई को एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी करने जा रहे हैं. इस सेरेमनी में दोनों के परिवार और कुछ करीबी दोस्त शामिल होंगे. दोनों अपने घर पर एक रजिस्ट्रेशन और साइनिंग सेरेमनी करके अपने रिश्ते को नाम देने वाले हैं.