भोजपुरी इंडस्ट्री में फिर से बवाल उठा है. लाइव शो के दौरान सिंगर धनंजय शर्मा ने ऐसी शर्मनाक हरकत की है, जिसे देखकर लोगों का गुस्सा भड़का है. वीडियो में धनंजय ने डांसर को स्टेज से उठाकर जनता के बीच में फेंका. ये वीडियो जिसने भी देखा, वो सिंगर को ट्रोल कर रहा है.
ट्रोल हुए धनंजय
वीडियो में सिंगर स्टेज पर मौजूद एक डांसर को खींचते हुए जनता के पास लेकर जाते हैं. इसी आपा-धापी में वो डांसर स्टेज पर गिर जाती है. फिर पीछे भागने लगती है. लेकिन धनंजय यहां भी नहीं रुकते हैं. वो पीछे से डांसर को गोद में उठाकर लाते हैं और भीड़ के बीच में उसे फेंक देते हैं. वहां मौजूद लोग डांसर को उठाकर जमीन पर रखते हैं. वो स्टेज पर लौटकर जाती है. इवेंट को होस्ट कर रही एंकर ने इस हरकत की निंदा की. इसे गलत बताते हुए धनंजय को कहा कि वो लड़की है. ऐसा नहीं किया जाना चाहिए.
धनंजय का यूं महिला डांसर संग अभद्र व्यवहार देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. एक यूजर ने सिंगर की गिरफ्तारी की मांग कर डाली है. इस घटना को शर्मसार कर देने वाला बताया है. यूजर ने लिखा कि ऐसी ही हरकतों की वजह से महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. दूसरे ने लिखा- सारी दुनिया आगे निकल जाएगी पर बिहार अलग ही रह जाएगा. किसी ने कहा- भोजपुरी मंचों पर कलाकारों से मनोरंजन की उम्मीद की जाती है, अपमान और हिंसा की नहीं. अगर सच में किसी गायक ने मंच से नर्तकी के साथ ऐसा व्यवहार किया है, तो यह बेहद गंभीर और निंदनीय मामला है. यूजर्स ने धनंजय को ट्रोल करते हुए उनकी मानसिकता पर सवाल उठाए हैं. किसी ने कहा कि बिहार में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं.
धनंजय की सफाई
वैसे इस मामले पर धनंजय शर्मा का रिएक्शन आ गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि वो डांसर उनके साथ बदतमीजी कर रही थी. सिंगर ने इंस्टा पर वीडियो पोस्ट कर बताया कि मंच पर उनके साथ बदसलूकी हुई थी. लोग सच्चाई नहीं जानते हैं. वो कहते हैं- स्टेज पर गाना चल रहा था जिसमें मुझे डांसर संग टकराना था. लेकिन वो लड़कियां मुझसे टकराई नहीं. उल्टा मेरी पूरी बॉडी को पकड़ लिया. मुझे मंच से बाहर फेंकने की कोशिश की गई. उसी बीच में एक मॉडल ने मुझे लात मारना शुरू किया. मेरे सीने पर हाथ रख रही थी. ये किस तरह की हरकते हैं?
सिंगर ने कहा कि उन्हें पब्लिक में महिला को नहीं पटकना था. वो गलती से हो गया था. वो कहते हैं- मैं स्टेज पर उसे धकेल रहा था. मेरी मानसिकता नहीं थी कि मैं पब्लिक में उसे फेंकू. मैं इस घटना का फुल वीडिया डालूंगा. मुझे गाली देने वाले उस घटना की पूरी सच्चाई जान लें, फिर मुझे ट्रोल करें.
जानकारी के मुताबिक, बिहार पुलिस ने मामले पर एक्शन लिया है. मुजफ्फरपुर पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं.