
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अंजना सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच छिड़ी जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है. पहले पॉडकास्ट, फिर इंस्टाग्राम लाइव और अब सोशल मीडिया पोस्ट. हर दिन इस विवाद में नया मोड़ आ रहा है. हाल ही में जहां खेसारी की टीम ने विवाद से जुड़े अपने वीडियो डिलीट कर दिए, वहीं अंजना सिंह का गुस्सा अब भी शांत नहीं हुआ है. उन्होंने नए पोस्ट शेयर कर एक बार फिर विरोधियों को खुली चुनौती दे दी है.
लाइव में दिखाई चप्पल, कहा- 'मुंह लाल कर देंगे'
वायरल इंस्टाग्राम लाइव में अंजना सिंह ने खेसारी के फैंस और उनकी टीम पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर खेसारी इतने बड़े स्टार हैं तो खुद सामने आकर जवाब दें. गुस्से में अंजना बोलीं- बताओ कहां मिलोगे, वहीं से मुंह लाल कर देंगे. ठकुराइन हूं मैं. किसी के आगे हाथ जोड़ने या भीख मांगने वाली नहीं हूं.
इतना ही नहीं, उन्होंने कैमरे पर चप्पल दिखाते हुए विरोधियों को चेतावनी भी दी. अंजना ने खेसारी के समर्थकों पर तंज कसते हुए उन्हें 'स्टार आर्मी' की जगह 'मौगा आर्मी' तक कह दिया.
लखनऊ बुलाने की चुनौती पर दिया करारा जवाब
अंजना का दावा है कि उन्हें लगातार गालियां दी जा रही थीं और लखनऊ बुलाकर धमकाया जा रहा था. इस पर उन्होंने लाइव में खेसारी की टीम के राइटर अखिलेश कश्यप का नाम लेकर कहा- सुन दाढ़ी वाले चाचा... क्या दिखाना चाहते हो? ऐसा क्या है जो मैं देख नहीं पाऊंगी? जिस बात का नाम ले रहे हो, वो तो जगजाहिर है.
लाइव के दौरान अंजना सिंह ने खेसारी लाल यादव की निजी जिंदगी को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने आरोप लगाया कि संघर्ष के दिनों में बांगुर नगर स्थित एक ऑफिस में खेसारी को उनकी पत्नी चंदा यादव ने कथित तौर पर एक दूसरी एक्ट्रेस के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था.
अंजना ने कहा- याद करो बांगुर नगर वाला ऑफिस... तब भौजी ने अचानक अटैक कर दिया था. भैया एक हीरोइन के साथ पकड़े गए थे. अब मेरा मुंह मत खुलवाओ. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और खेसारी लाल यादव ने इन आरोपों पर ऑफिशियली कोई रिएक्शन नहीं दिया है.
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
इस विवाद की शुरुआत एक पॉडकास्ट से हुई थी. अंजना सिंह से खेसारी लाल यादव के कास्टिंग काउच वाले पुराने बयान पर सवाल पूछा गया. जवाब में अंजना ने कहा कि 'वो कुछ भी बोलते हैं, उनकी बातों का कोई मतलब नहीं होता.'
इसके बाद खेसारी के फैंस सोशल मीडिया पर अंजना के खिलाफ उतर आए. अंजना का आरोप है कि उन्हें गालियां दी गईं, उनकी बेटी तक को निशाना बनाया गया और धमकी भरे मैसेज भेजे गए. इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव कर पलटवार किया. पूरे विवाद के दौरान खेसारी लाल यादव ने सीधे तौर पर अंजना सिंह का नाम नहीं लिया. हालांकि उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव में अपने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने उनका साथ दिया और उनके लिए खड़े रहे. इसे कई लोगों ने अंजना को दिया गया परोक्ष जवाब माना.
टीम ने डिलीट किए वीडियो, लेकिन अंजना का गुस्सा नहीं हुआ शांत
विवाद बढ़ने के बाद खबर है कि खेसारी की टीम ने मामले को शांत करने के लिए सोशल मीडिया पर शेयर किए गए अपने वीडियो डिलीट कर दिए. लेकिन इसके बावजूद अंजना सिंह पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रही हैं.
उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक नया पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा- मां हूं मैं और मेरी बेटी 'मेरी ताकत और मेरा अभिमान' है. सुनो नामर्दों की फौज... एक मां किसी से नहीं डरती. इसी के साथ उन्होंने पूछा- क्या हुआ... वीडियो क्यों डिलीट किए?

इन पोस्ट्स को सोशल मीडिया पर खेसारी की टीम और उनके सपोर्टर्स के लिए अंजना का नया जवाब माना जा रहा है.
भोजपुरी इंडस्ट्री भी बंट गई
अब ये विवाद सिर्फ अंजना और खेसारी तक सीमित नहीं रहा. भोजपुरी इंडस्ट्री के कई कलाकार इस मामले में अपनी राय रख चुके हैं. भोजपुरी इंडस्ट्री की ये जुबानी जंग अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है. एक तरफ अंजना सिंह लगातार नए-नए पोस्ट और लाइव के जरिए जवाब दे रही हैं, तो दूसरी तरफ खेसारी की टीम ने अपने वीडियो हटाकर विवाद को शांत करने की कोशिश की है. हालांकि अंजना के ताजा पोस्ट से साफ है कि फिलहाल उनका गुस्सा ठंडा नहीं पड़ा है और ये मामला अभी आगे भी नया मोड़ ले सकता है.