scorecardresearch
 

'अब गांधी वाली कांग्रेस खत्म...', केरल के BJP कार्यकर्ताओं से बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के बीजेपी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कांग्रेस और वाम दलों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि राज्य में बीजेपी-एनडीए के पक्ष में माहौल बन रहा है और जनता बदलाव चाहती है. पीएम मोदी ने कांग्रेस को माओवादी मुस्लिम लीग कांग्रेस बताया.

Advertisement
X
पीएम मोदी ने एक बूथ कार्यकर्ता के समर्पण की सराहना की (File Photo: PTI)
पीएम मोदी ने एक बूथ कार्यकर्ता के समर्पण की सराहना की (File Photo: PTI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को केरलम (केरल) में बीजेपी के बूथ कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करते हुए कांग्रेस और वाम दलों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि राज्य में इस बार बीजेपी-एनडीए के पक्ष में माहौल बन रहा है और जनता बदलाव चाहती है.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा कि तिरुवनंतपुरम स्थानीय निकाय चुनाव में बीजेपी की सफलता इस बात का संकेत है कि आगामी 9 अप्रैल के विधानसभा चुनाव में पार्टी को व्यापक समर्थन मिल सकता है. उन्होंने कहा, 'इस बार केरलम सिर्फ नई सरकार नहीं, बल्कि नई व्यवस्था चुनने जा रहा है.'

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि गांधी की कांग्रेस अब खत्म हो चुकी है, अब यह ‘माओवादी मुस्लिम लीग कांग्रेस’ बन गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि अब यूडीएफ और एलडीएफ एक-दूसरे से लड़ने के बजाय बीजेपी पर ही हमला कर रहे हैं, क्योंकि जनता दोनों से नाराज है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय से केरलम में यूडीएफ और एलडीएफ के बीच सत्ता बदलती रही, लेकिन तिरुवनंतपुरम के नतीजों ने इस धारणा को तोड़ दिया है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर घर तक पहुंच बनाएं और मतदान के दिन ज्यादा मेहनत करें.

Advertisement

इस दौरान मोदी ने क्रिकेटर संजू सैमसन का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे एक अच्छा खिलाड़ी बड़े मैच में बेहतर प्रदर्शन करता है, वैसे ही कार्यकर्ताओं को भी चुनाव के दिन पूरी ताकत झोंकनी चाहिए.

उन्होंने कहा, 'जैसे-जैसे मैच अहम होता है, एक सच्चा खिलाड़ी और बेहतर खेलता है. उसी तरह वोटिंग के दिन आपका समर्पण सबसे ज्यादा मायने रखता है.'

'वायनाड सांसद से बेहतर हैं आप'

संवाद के दौरान एक दिलचस्प मोड़ तब आया जब पीएम मोदी ने एक बूथ कार्यकर्ता के समर्पण की सराहना की. उन्होंने कहा कि यदि उस कार्यकर्ता और वायनाड के सांसद (राहुल गांधी) के बीच बहस हो जाए, तो कार्यकर्ता की जीत निश्चित है. प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदान के दिन तक हर घर से जुड़ने के लिए अतिरिक्त समय दें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement