दीपावली के मौके पर अयोध्या में आयोजित 'आजतक पंचायत' के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दस साल के काम का रिपोर्ट कार्ड पेश किया.इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की राजनीति पर जमकर निशाना साधा.
सीएम योगी ने अखिलेश यादव के PDA को 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' बताते हुए कहा कि उनका रंग गिरगिट की तरह बदलता रहता है. वहीं, ओवैसी को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए.
अखिलेश का PDA रंग बदलने वाला गिरगिट-योगी
अखिलेश यादव के PDA समीकरण को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश रोज रंग बदलते हैं, गिरगिट की तरह है., उन्होंने तंज कसते हुए PDA का मतलब 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' बताया। योगी ने कहा कि जो व्यक्ति खुद कन्फ्यूज है, वह इस तरह के नारों से जनता को नहीं उलझा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि नाम बदलकर जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश की जा रही है, सपा का पीडीए ही एम-वाई समीकरण है.
सीएम योगी ने कहा कि हाल ही में राज्यसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि सपा ने केवल दो लोगों को भेजा है, एक उनके परिवार के रामगोपाल यादव और दूसरे मुंबई के एक धनसेठ हैं. समाजवादी पार्टी में परिवारवाद का प्रभाव साफ दिखाई देता है उन्होंने कहा कि बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए समाज के हर वर्ग का विश्वास जीत रही है.
उन्होंने आरोप लगाया कि इनके पीडीए का असल सिद्धांत 'पराया धन अपना' है. सपा का पीडीए केवल उनके परिवार के विकास तक सीमित हैं. इसीलिए उनके पीडीए का मतलब, परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है.
2027 में जनता अखिलेश को दिखाएगी उनकी हैसियत
अखिलेश यादव के चुनाव जीतने को लेकर आत्मविश्वास पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि 2017 में भी उन्होंने इसी तरह का आत्मविश्वास दिखाया था और जनता ने उन्हें उनकी हैसियत बता दी थी. 2022 में भी उन्होंने शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू कर दी थीं, लेकिन जनता ने फिर उन्हें जवाब दिया
योगी ने कहा कि 2027 का चुनाव भी बीजेपी के लिए तैयार है, हम 2027 के चुनाव में सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि को लेकर जाएंगे. एक बार फिर से बीजेपी की सरकार बनेगी हम 350 से ज्यादा सीटें जीतकर आएंगे.
ओवैसी जैसे लोगों के लिए यूपी में जगह नहीं-योगी
असदुद्दीन ओवैसी की राजनीतिक सक्रियता और यूपी में उनके प्रभाव को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ओवैसी के पास अपना कोई एजेंडा नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनका एजेंडा भारत विरोधी और हिंदू विरोधी है. योगी ने कहा कि ऐसे एजेंडे से देश की एकता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश होती है.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब सब समझ चुकी है और ओवैसी जैसे लोगों के लिए प्रदेश की राजनीति में कोई जगह नहीं होनी चाहिए. योगी ने ओवैसी की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर भी तंज कसते हुए कहा कि उनकी सत्ता में आने की इच्छा कभी पूरी नहीं होने वाली है.
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और ओवैसी पर एक साथ निशाना साधते हुए कहा कि ये सभी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों को भारत और भारतीयता से कोई लेना-देना नहीं हैय
सीएम योगी ने कहा कि ये लोग भारत को बदनाम करने और देश की आस्था के साथ खिलवाड़ करने का काम करते हैं. मकसद केवल भारत और भारतीयता को अपमानित करना है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दावे कितने भी बड़े क्यों न हों, 2017 और 2022 की तरह जनता 2027 में भी इन्हें इनकी वास्तविक हैसियत दिखा देगी.
80-20 के समीकरण पर भी बोले सीएम योगी
बीजेपी सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं और 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर बात करते हुए सीएम योगी ने 80-20 के अपने बयान को स्पष्ट किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 80 प्रतिशत मतदाता राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के मुद्दों पर बीजेपी और एनडीए का समर्थन करेंगे. वहीं, बाकी 20 प्रतिशत मतदाता विपक्ष के साथ जाएंगे. जो लोग उपद्रव, दंगे, माफियाराज और अराजकता को पसंद करते हैं, वे भाजपा के विरोध में जाएंगे.
उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण किसी का नहीं होगा और चुनाव का नतीजा अंततः इसी 80 बनाम 20 के ढर्रे पर तय होगा. योगी ने कहा कि बीजेपी सरकार सबका साथ और सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है. सरकार की योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के मुद्दे पर लड़ा जाएगा.