उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् (UPMSP) ने 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में नकल को रोकने के लिए लिए कमर कस ली है. यूपी बोर्ड परीक्षा 6 फरवरी, 2018 से ही शुरू होंगी. हाईस्कूल की परीक्षा 22 फरवरी, 2018 तक और इंटर की परीक्षा 10 मार्च, 2018 तक चलेंगी.
जहां एक ओर छात्र-छात्राएं परीक्षा की तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं, वहीं यूपी बोर्ड प्रशासन ने भी परीक्षा को लेकर तैयारी कर ली है. उत्तर प्रदेश में बोर्ड की परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए छात्रों को संख्याएं वाली कॉपियां दी जाएंगी. ताकि नकल कराने वाले गिरोह वह कॉपियां बाहर ले जाकर बदल ना सके.
इसी के साथ परीक्षा में असली परीक्षार्थियों की जगह नकली बैठने वाले लोगों पर सख्ती करने के लिये एसटीएफ और पुलिस की मदद ली जायेगी. वहीं परीक्षा के दौरान नकल और किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में होंगी.
बता दें, परीक्षाएं दो शिफ्ट में होंगी. पहली सुबह 7.30 से 10.45 बजे तक जबकि दूसरी परीक्षा दोपहर 2 से 5.15 बजे तक होगी. वहीं अब से छात्रों को डुप्लीकेट मार्कशीट ऑनलाइन मिलेंगी साथ ही यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में पहले दस स्थान पाने वाले छात्रों को एक लाख का पुरस्कार दिया जाएगा.