scorecardresearch
 

UP होमगार्ड भर्ती पर इंस्टाग्राम पर डाली झूठी पोस्ट? भर्ती बोर्ड ने लिया बड़ा एक्शन

उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती 2025 के फर्जी रिजल्ट को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. इंस्टाग्राम पर झूठी पोस्ट डालने वालों के खिलाफ लखनऊ के हुसैनगंज थाने में FIR दर्ज की गई है. पुलिस भर्ती बोर्ड ने फर्जी दावों का खंडन करते हुए अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है.

Advertisement
X
Homeguard Recruitment 2025
Homeguard Recruitment 2025

उत्तर प्रदेश में होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद जरूरी और सतर्क करने वाली खबर है. सोशल मीडिया पर इस परीक्षा के परिणाम को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक और झूठी खबरों पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है. बोर्ड ने न सिर्फ इन फर्जी दावों का खंडन किया है, बल्कि इंस्टाग्राम पर अभ्यर्थियों को गुमराह करने वाले शातिरों के खिलाफ सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज करा दी है.

लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज
जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर होमगार्ड भर्ती के परीक्षा परिणाम को लेकर फर्जी और भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही थी. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात और नामजद व्यक्तियों के खिलाफ लखनऊ के थाना हुसैनगंज में मामला दर्ज कराया गया है. पुलिस ने इन सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता-2023 (BNS) और आईटी एक्ट (IT Act) की गंभीर व संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

इन इंस्टाग्राम आईडी के खिलाफ एक्शन
पुलिस भर्ती बोर्ड की मुस्तैदी के बाद जिन सोशल मीडिया प्रोफाइल्स पर गाज गिरी है, उनमें मुख्य रूप से ये नाम शामिल हैं:

rahul_rajput_70888 (राहुल कुमार राजपूत): इस इंस्टाग्राम आईडी के खिलाफ भ्रामक पोस्ट साझा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है.

Advertisement

amit_kushwah_thakur154 (अमित कुशवाहा): इस प्रोफाइल के संचालक के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.

पुलिस अब इन हैंडल्स के पीछे के नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तरह के फर्जी कंटेंट को वायरल करने के पीछे इनका क्या मकसद था.

भर्ती बोर्ड की चेतावनी- 'अफवाह फैलाई तो खैर नहीं'
इस कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने साफ और कड़े शब्दों में संदेश दे दिया है. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा या उसके परिणाम से जुड़ी किसी भी प्रकार की फर्जी, मनगढ़ंत या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसा करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर वैधानिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अभ्यर्थियों से अपील- सिर्फ ऑफिशियल सोर्स पर करें भरोसा
भर्ती बोर्ड ने परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों से विशेष अपील की है. बोर्ड का कहना है कि छात्र सोशल मीडिया (जैसे इंस्टाग्राम, यूट्यूब, टेलीग्राम) पर वायरल हो रहे किसी भी असत्यापित संदेश या रिजल्ट के दावों के झांसे में न आएं. परीक्षा परिणाम से जुड़ा हर आधिकारिक अपडेट और घोषणा केवल और केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी, इसलिए सिर्फ ऑफिशियल नोटिफिकेशन पर ही भरोसा करें.

Advertisement

बता दें कि परीक्षा प्रक्रिया की शुचिता को बनाए रखने के लिए सिर्फ तकनीकी ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर भी तगड़ा पहरा है. राज्य की खुफिया एजेंसियां इस वक्त हाई अलर्ट पर हैं. एसटीएफ और स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर परीक्षा प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी तरह के संदिग्ध तत्वों या सॉल्वर गैंग के मंसूबों को समय रहते ध्वस्त किया जा सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement