नया सेशन शुरू हो चुका है, लेकिन 9वीं क्लास के कई छात्र अब भी खाली बस्ते के साथ स्कूल जाने को मजबूर हैं. वजह है, नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत बदला हुआ सिलेबस और किताबों की भारी कमी. हालांकि, अब NCERT ने इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. बोर्ड का कहना है कि वे 'युद्ध स्तर' पर किताबों की छपाई कर रहे हैं और जल्द ही दुकानों पर किताबों की सप्लाई सामान्य हो जाएगी.
क्यों हुई किताबों की किल्लत?
दरअसल, NEP 2020 के लागू होने के बाद कक्षा 9 के लिए बिल्कुल नया सिलेबस और नई किताबें तैयार की गई हैं. बोर्ड ने माना कि डिमांड और सप्लाई के बीच एक 'टेंपरेरी गैप' आ गया है, क्योंकि इस बार नई किताबों की मांग उम्मीद से कहीं ज्यादा है. बोर्ड ने साफ किया कि सामाजिक विज्ञान को छोड़कर बाकी सभी विषयों की किताबें छप चुकी हैं. सोशल साइंस की किताब भी फाइनल स्टेज में है और जल्द ही उपलब्ध होगी.
कैसे और कहां मिलेंगी किताबें?
NCERT ने छात्रों और परेशान पेरेंट्स के लिए कई विकल्प दिए हैं.
ऑफलाइन काउंटर: दिल्ली मुख्यालय समेत क्षेत्रीय केंद्रों के सेल काउंटर अब शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे.
ऑनलाइन और ई-कॉमर्स: किताबें अब Amazon और Flipkart जैसे प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ NCERT के पोर्टल पर भी उपलब्ध हैं.
फ्री डिजिटल वर्जन: अगर आपको हार्ड कॉपी नहीं मिल रही, तो आप NCERT की वेबसाइट, DIKSHA ऐप या ePathshala से इन्हें फ्री में डाउनलोड कर सकते हैं.
हेल्पलाइन नंबर जारी
बोर्ड ने उन स्कूलों और संस्थानों से भी कहा है जो थोक (Bulk) में ऑर्डर देना चाहते हैं, वे सीधे प्रकाशन विभाग से संपर्क कर सकते हैं. अगर किसी भी छात्र को किताब ढूंढने में दिक्कत आ रही है, तो वे सीधे हेल्पलाइन नंबर 8800440559 पर कॉल कर मदद ले सकते हैं.