देश भर में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के बीच सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं की दिशा में पहला बड़ा कदम उठा लिया है. बोर्ड ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए विंटर बाउंड (सर्दियों वाले) स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल एग्जाम, प्रोजेक्ट वर्क और इंटरनल असेसमेंट का पूरा शेड्यूल और दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं.
सर्दियों में बर्फबारी और अत्यधिक ठंड वाले क्षेत्रों में स्थित इन स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 नवंबर से शुरू होकर 19 दिसंबर 2026 तक चलेंगी. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह शेड्यूल फिलहाल केवल विंटर बाउंड स्कूलों पर लागू होगा. सामान्य (रेगुलर-सेशन) स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल शेड्यूल का अलग से सर्कुलर जारी किया जाएगा.
CBSE प्रैक्टिकल परीक्षा 2026-27 के मुख्य निर्देश
परीक्षा की तारीखें: 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक.
किन स्कूलों के लिए: यह शेड्यूल केवल विंटर बाउंड (सर्दियों वाले इलाकों के) स्कूलों पर लागू होगा.
एक्सटर्नल एग्जामिनर और ऑब्जर्वर: आवश्यकतानुसार स्कूलों को अपने संबंधित रीजनल ऑफिस (क्षेत्रीय कार्यालय) से संपर्क करना होगा.
फोटो सबमिशन: प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान सीबीएसई द्वारा दिए गए ऐप लिंक के जरिए हर बैच की ग्रुप फोटो अपलोड करना अनिवार्य है.
रेगुलर सेशन स्कूल: सामान्य (रेगुलर) स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाओं का अलग से सर्कुलर जारी किया जाएगा.
सख्त नियम: सिर्फ LOC वाले छात्रों को ही मिलेगी एंट्री
सीबीएसई ने सभी स्कूलों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने पास मौजूद फाइनल 'लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स' (LOC) का सावधानीपूर्वक मिलान कर लें. प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट या इंटरनल असेसमेंट में सिर्फ उन्हीं छात्रों को बैठने की इजाजत दी जाएगी, जिनके नाम ऑनलाइन LOC के जरिए बोर्ड को भेजे गए हैं.
इसके साथ ही, कक्षा 10वीं के लिए इंटरनल असेसमेंट केवल एक बार ही आयोजित किया जाएगा. स्कूलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही सभी छात्रों का मूल्यांकन पूरा करके उनके मार्क्स बोर्ड पोर्टल पर अपलोड करने होंगे.
कैमरे की नजर में होंगे एग्जाम, हर बैच की अपलोड होगी ग्रुप फोटो
परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सीबीएसई ने इस बार तकनीक का सख्त सहारा लिया है:
1. ग्रुप फोटोग्राफ अनिवार्य: बोर्ड स्कूलों को एक विशेष ऐप लिंक मुहैया कराएगा. प्रैक्टिकल एग्जाम के दौरान प्रत्येक बैच की एक ग्रुप फोटोग्राफ खींचकर इस ऐप पर अपलोड करना अनिवार्य होगा.
2. दो से तीन शिफ्ट में होंगे प्रैक्टिकल: यदि किसी स्कूल में छात्रों की संख्या 30 से अधिक है, तो प्रयोगशाला (Lab) के बुनियादी ढांचे के हिसाब से एक दिन में दो से तीन शिफ्टों/सत्रों में परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी, ताकि भीड़ न हो और असेसमेंट सही ढंग से हो सके.
3. एक्सटर्नल एग्जामिनर की नियुक्ति: 12वीं के प्रैक्टिकल के लिए एक्सटर्नल एग्जामिनर्स और ऑब्जर्वर्स की नियुक्ति के लिए स्कूलों को अपने संबंधित रीजनल ऑफिस से तुरंत संपर्क करने को कहा गया है.